इस महीने Mercedes Benz, Honda, Skoda, Toyota और Volkswagen अपनी लोकप्रिय कारों के फेसलिफ्ट मॉडल पेश करने की तैयारी में हैं। इन कारों में एक्सटीरियर डिजाइन से लेकर इंटीरियर और फीचर्स तक कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कुछ मॉडल्स में मैकेनिकल अपडेट और नए गियरबॉक्स का विकल्प भी मिलने की उम्मीद है। आइए जल्दी से अक्टूबर में लॉन्च होने पांच फेसलिफ्ट मॉडल से जुड़ी जानकारियों पर एक नजर डाल लें-
इस महीने 5 फेसलिफ्ट मॉडल होंगे लॉन्च
Mercedes-Maybach S-Class Facelift
Mercedes-Benz की अपडेटेड Maybach S-Class को 5 अक्टूबर 2026 को भारत में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। इसमें बड़ी इल्यूमिनेटेड ग्रिल, नए डिजाइन के हेडलैंप और स्टार-शेप्ड डे-टाइम रनिंग लाइट्स मिल सकती हैं। केबिन में 12.3-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 14.4-इंच सेंट्रल टचस्क्रीन और 12.3-इंच पैसेंजर डिस्प्ले जारी रहने की उम्मीद है। ग्लोबल-स्पेक S580 में 4.0-लीटर V8 इंजन मिलता है, जो करीब 537 hp और 750 Nm का आउटपुट देता है। भारत-स्पेक मॉडल की जानकारी लॉन्च के करीब सामने आएगी।
Honda Elevate Facelift
Honda Elevate facelift को 6 अक्टूबर को लॉन्च किया जा सकता है। SUV में नई ग्रिल, अपडेटेड LED लाइटिंग, नए बंपर और नए अलॉय व्हील्स मिलने की संभावना है। इंटीरियर में नई अपहोल्स्ट्री के साथ 10.25-इंच टचस्क्रीन, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन करीब 119 hp और 145 Nm का आउटपुट देता है और इसे 6-स्पीड मैनुअल या CVT के साथ जारी रखा जा सकता है।
Skoda Slavia Facelift
Skoda Slavia facelift भी 6 अक्टूबर को दस्तक दे सकती है। इसका सबसे बड़ा अपडेट 1.0-लीटर TSI इंजन के साथ नए 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के रूप में देखने को मिल सकता है। 1.5-लीटर TSI इंजन के साथ 7-स्पीड DSG जारी रहेगा। कार में 10.1-इंच टचस्क्रीन, 360-डिग्री कैमरा और चुनिंदा वेरिएंट में रियर-सीट मसाज फंक्शन मिलने की उम्मीद है।
Toyota Glanza Facelift
Toyota Glanza facelift करीब 14 अक्टूबर को लॉन्च हो सकती है। Maruti Suzuki Baleno से साझा किए गए प्लेटफॉर्म और कंपोनेंट्स के कारण इसमें भी कई समान डिजाइन और फीचर अपडेट देखने को मिल सकते हैं। 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन करीब 82.9 hp और 112.4 Nm का आउटपुट देता है। इसमें 5-स्पीड मैनुअल और AMT के साथ CNG विकल्प भी जारी रहने की उम्मीद है।
Volkswagen Virtus Facelift
Volkswagen Virtus facelift को करीब 25 अक्टूबर को पेश किया जा सकता है। इसमें डिजाइन और फीचर्स के साथ इंफोटेनमेंट सिस्टम में बदलाव की संभावना है। 1.0-लीटर TSI इंजन के साथ 8-स्पीड ऑटोमैटिक और 1.5-लीटर TSI के साथ 7-स्पीड DSG मिलने की उम्मीद है। 360-डिग्री कैमरा और नए सॉफ्टवेयर जैसे फीचर्स भी जोड़े जा सकते हैं।
