Triumph Scrambler 400X New Colour: ट्रायम्फ मोटरसाइकिल इंडिया ने पिछले साल इसी महीने नई स्क्रैंबलर 400 और 400 एक्स बाइक्स भारत में लॉन्च की थीं। अब कंपनी ने स्क्रैंबलर 400एक्स को नए रंग में पेश किया है जिसे पर्ल मैटेलिक व्हाइट नाम दिया गया है। इसके अलावा बाइक को ब्लैक फिनिश दिया गया है, यानी ये बाइक अब ब्लैक और व्हाइट हो गई है जो आकर्षक नजर आ रही है। बता दें कि कंपनी ने कुछ समय पहले ही भारत में नई ट्रायम्फ स्पीड टी4 और ट्रायम्फ स्पीड 400 अपडेट करके लॉन्च की है। कुल मिलाकर त्योहारी सीजन के लिए इस ताजा अंदाज सिर्फ नए रंग के साथ कंपनी ने दिया है।
क्या कुछ नया मिला
ट्रायम्फ इंडिया ने नई स्क्रैंबलर 400 एक्स के साथ दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक्स देने के साथ ही रियर एबीएस भी दिया है जिसे बंद किया जा सकता है। इसके अलावा नई बाइक के फीचर्स स्पीड 400 वाले ही हैं। इस कीमत के हिसाब से देखें तो नई स्क्रैंबलर 400 एक्स का भारत में मुकाबला येज्डी स्क्रैंबलर से होगा जिसकी एक्सशोरूम कीमत 2.10 लाख से 2.12 लाख रुपये तक है। हालांकि ताकत और फीचर्स के मामले में येज्डी की ये बाइक ट्रायम्फ के मुकाबले काफी दमदार है। इसके अलावा केटीएम 390 एडवेंचर एक्स से भी ये टक्कर मोल लेगी।
कितनी दमदार है बाइक?
ट्रायम्फ मोटरसाइकिल इंडिया ने इन दोनों बाइक्स को नया 398.15 सीसी सिंगल-सिलेंडर लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है। ये इंजन 8,000 आरपीएम पर 39.5 बीएचपी ताकत और 6,500 आरपीएम पर 37.5 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी ने इसे 6-स्पीड गियरबॉक्स से लैस किया है और ये स्लिपर-एंड-असिस्ट क्लच के साथ आता है। इसके अलावा अलग-अलग मॉडल्स के हिसाब से दोनों बाइक्स को अलग ट्यूनिंग में पेश किया गया है। दोनों बाइक्स में आगे 43 मिमी यूएसडी फोर्क्स और पीछे अडजस्टेबल गैस चार्ज्ड मोनोशॉक सस्पेंशन दिए गए हैं।
जोरदार फीचर्स से लैस
दोनों मोटरसाइकिल को ट्रायम्फ ने एलसीडी स्क्रीन वाला नया स्पीडोमीटर दिया है। यहां एलईडी लाइटिंग, डुअल-चैनल एबीएस, राइड बाय वायर, इम्मोबलाइजर और बंद होने वाला ट्रैक्शन कंट्रोल मिला है। इसके अलावा ट्रायम्फ स्क्रैंबलर 400 एक्स के साथ कंपनी ने बंद हो सकते वाला एबीएस भी दिया है। दोनों बाइक्स को अलग व्हील्स दिए गए हैं जिनमें स्ट्रीट 400 के साथ 17 इंच के पहिये मिले हैं, वहीं स्क्रैंबलर 400 एक्स के अगले हिस्से में 19-इंच और पिछले पहिये में 17-इंच के व्हील्स दिए गए हैं।
