Triumph Scrambler 400 X: त्योहारों के सीजन में अगर आप नई स्क्रैंबलर बाइक खरीदने का प्लान बना रहे हैं और बजट बहुत बड़ा नहीं है तो ट्रायम्फ आपके लिए ये सपना पूरा करने वाली डील लेकर आई है। ट्रायम्फ मोटरसाइकिल इंडिया ने नई स्क्रैंबलर 400 एक्स बाइक लॉन्च कर दी है जिसकी एक्सशोरूम कीमत 2.63 लाख रुपये रखी गई है। ये नई मोटरसाइकिल कंपनी की रोड्सटर बाइक स्पीड 400 के मुकाबले 30,000 रुपये महंगी है। हालांकि इन दोनों में काफी अंतर है जो इन्हें ना सिर्फ एक-दूसरे से अलग बनाते हैं, बल्कि इनका मिजाज भी जुदा करते हैं।
कितना दमदार है इंजन
ट्रायम्फ स्क्रैंबलर 400 एक्स के साथ 398 सीसी का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल--सिलेंडर इंजन दिया गया है। ये दमदार इंजन 8,000 आरपीएम पर 40 एचपी ताकत और 6,500 आरपीएम पर 37.5 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी ने इस इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स से लैस किया है जो स्लिप और असिस्ट क्लच के साथ आता है। बाइक के अगले हिस्से में ज्यादा कद वाला सस्पेंशन दिया गया है जिससे इसकी हाइट कुछ ज्यादा हो गई है। हाइट बढ़ने सबसे बड़ा असर ग्राउंड क्लियरेंस पर पड़ा है जो अब 195 मिमी हो गया है।
क्या कुछ नया मिला
ट्रायम्फ इंडिया ने नई स्क्रैंबलर 400 एक्स के साथ दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक्स देने के साथ ही रियर एबीएस भी दिया है जिसे बंद किया जा सकता है। इसके अलावा नई बाइक के फीचर्स स्पीड 400 वाले ही हैं। इस कीमत के हिसाब से देखें तो नई स्क्रैंबलर 400 एक्स का भारत में मुकाबला येज्डी स्क्रैंबलर से होगा जिसकी एक्सशोरूम कीमत 2.10 लाख से 2.12 लाख रुपये तक है। हालांकि ताकत और फीचर्स के मामले में येज्डी की ये बाइक ट्रायम्फ के मुकाबले काफी दमदार है। इसके अलावा केटीएम 390 एडवेंचर एक्स से भी ये टक्कर मोल लेगी।
