2023 Toyota Vellfire: टोयोटा ने भारतीय मार्केट में 2023 मॉडल वेलफायर लॉन्च कर दी है जिसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 1.20 करोड़ रुपये है। ये लग्जरी एमपीवी हाई ग्रेड के साथ वीआईपी ग्रेड यानी एग्जिक्यूटिव लॉन्ज में भी उपलब्ध है जिसकी कीमत 1.30 करोड़ रुपये रखी गई है। टोयोटा भारत ने इस कार के लिए बुकिंग लेना शुरू कर दिया है जिसकी डिलीवरी नवंबर 2023 से शुरू होने की संभावना है। बाहर से भले ही ये एमपीवी डिब्बे जैसी दिखती है, लेकिन टोयोटा वेलफायर के केबिन में घुसते ही आपको अंदाजा हो जाता है कि ये कार इतनी महंगी क्यों है।
दमदार के साथ किफायती इंजन
नई टोयोटा वेलफायर कंपनी के नए टीएनजीए प्लेटफॉर्म पर आधारित है जिसे पहले से ज्यादा आरामदायक बनाने के लिए आधुनिक सस्पेंशन मिले हैं। एमपीवी के साथ खुद चार्ज होने वाली स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है जो जीरो एमिशन मोड में कार 40 फीसदी दूरी तय करती है। कंपनी का दावा है कि इसका माइलेज 19.28 किमी/लीटर है। एमपीवी का स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड मॉडल 2.5-लीटर इनलाइन 4-सिलेंडर इंजन के साथ आता है जो 142 किलोवाट पावर और 240 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है।
आलीशान है एमपीवी का केबिन
टोयोटा वेलफायर के केबिन में खूब सारी जगह यात्रियों को मिलती है और इसकी सीट्स से आरामदायक महंगा सोफा भी नहीं होता। यहां आरामदायक सीट्स के अलावा खूब सारे हाइटेक फीचर्स भी दिए गए हैं जिनमें 14-इंच इंफोटेनमेंट सिस्टम के साथ 15 जेबीएल स्पीकर्स, ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो शामिल हैं, एग्जिक्यूटिव लॉन्ज में पिछले यात्रियों के लिए 14-इंच के एंटरटेनमेंट स्क्रीन दिए गए हैं। यहां 60 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स मिले हैं और कई रंगों वाली एंबिएंट लाइटिंग इसके केबिन को बहुत आकर्षक बनाती है।
