Toyota Innova Hycross Facelift भारत में लॉन्च, 6 लाख रुपये से ज्यादा सस्ता हुआ हाइब्रिड वेरिएंट

Toyota Innova Hycross Facelift भारत में लॉन्च हो चुकी है। अच्छी बात ये है कि कंपनी ने फेसलिफ्ट मॉडल के साथ अब स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन को कम कीमत वाले वेरिएंट में भी उपलब्ध करवा दिया है।

टोयोटा ने अपनी लोकप्रिय एमपीवी Innova Hycross का 2026 फेसलिफ्ट मॉडल भारत में लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 19.59 लाख रुपये रखी गई है। इस अपडेट की सबसे खास बात यह है कि कंपनी ने अब स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन को कम कीमत वाले वेरिएंट में भी उपलब्ध करवा दिया है। इसके चलते ग्राहकों के लिए हाइब्रिड इनोवा खरीदना पहले के मुकाबले सस्ता हो गया है। नई इनोवा हाइक्रॉस में डिजाइन से लेकर केबिन और फीचर्स तक कई बदलाव किए गए हैं। आइए जल्दी से इस नए मॉडल के डिजाइन, फीचर्स और प्राइस लिस्ट पर एक नजर डाल लें-

Toyota Innova Hycross Facelift

Innova Hycross Facelift की चेक करें पूरी प्राइस लिस्ट (Photo: toyota bharat)

कम कीमत में मिलेगा हाइब्रिड इंजन

2026 Toyota Innova Hycross फेसलिफ्ट का सबसे बड़ा आकर्षण इसका नया E20-E85 फ्लेक्स-फ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन है। इसमें 2.0 लीटर का पेट्रोल इंजन इलेक्ट्रिक मोटर और e-CVT गियरबॉक्स के साथ दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह भारतीय बाजार में पेश होने वाली पहली स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड फ्लेक्स-फ्यूल पैसेंजर कार है। खास बात यह है कि अब हाइब्रिड पावरट्रेन G और GX जैसे शुरुआती वेरिएंट में भी मिलेगा। G हाइब्रिड की कीमत 19.99 लाख रुपये रखी गई है। इससे ग्राहकों को महंगे टॉप मॉडल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

नई इनोवा हाइक्रॉस की कीमत

नई इनोवा हाइक्रॉस के GX पेट्रोल वेरिएंट की शुरुआती कीमत 19.59 लाख रुपये है। वहीं, G स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड की कीमत 19.99 लाख रुपये रखी गई है-

नई Toyota Innova Hycross Facelift की वेरिएंट-वाइज कीमत (एक्स-शोरूम)

वेरिएंट (Variant)पावरट्रेन (Powertrain)ट्रांसमिशन (Transmission)शुरुआती कीमत (एक्स-शोरूम)
GX2.0L नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोलCVT₹19.59 लाख
G2.0L स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड फ्लेक्स-फ्यूल (E20–E85)e-CVT₹19.99 लाख
GX2.0L स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड फ्लेक्स-फ्यूल (E20–E85)e-CVT₹23.99 लाख
VX2.0L स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड फ्लेक्स-फ्यूल (E20–E85)e-CVT₹28.79 लाख
ZX2.0L स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड फ्लेक्स-फ्यूल (E20–E85)e-CVT₹31.99 लाख

एक्सटीरियर में हुए ये बदलाव

नई एमपीवी में पहले के मुकाबले ज्यादा आकर्षक फ्रंट ग्रिल दी गई है। इसमें एंगुलर डिजाइन, रेक्टेंगुलर इंसर्ट और नए बंपर मिलते हैं। इसके अलावा सेगमेंटेड LED DRLs, ग्लॉस ब्लैक ORVMs, क्रोम डोर हैंडल और नए अलॉय व्हील्स भी दिए गए हैं। पीछे की तरफ LED टेललाइट्स में बदलाव किया गया है।

केबिन और फीचर्स भी हुए अपडेट

केबिन में अब 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है। इसके अलावा नई सीट अपहोल्स्ट्री और अपडेटेड डोर ट्रिम्स दिए गए हैं। फीचर्स की बात करें तो इसमें पैनोरमिक सनरूफ, सेकंड रो में पावर्ड Ottoman कैप्टन सीट्स, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, डुअल जोन क्लाइमेट कंट्रोल और पावर्ड टेलगेट शामिल हैं।

सेफ्टी के लिए 360 डिग्री कैमरा, छह एयरबैग और लेवल-2 ADAS टेक्नोलॉजी मिलती है। इसे Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग भी मिली है। इस तरह नई इनोवा हाइक्रॉस में कम कीमत पर हाइब्रिड विकल्प के साथ बेहतर डिजाइन और आधुनिक फीचर्स का पैकेज मिलता है।

End Article
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार...

End of Feed