Tata Punch EV: टाटा मोटर्स पंच को इलेक्ट्रिक अवतार में लॉन्च करने की तैयारी जोर-शोर से कर रही है और ये कार निश्चित तौर पर बिक्री में बड़ा इजाफा करने वाली है। कंपनी लगातार इस ईवी की टेस्टिंग कर रही है और अब तक पंच इलेक्ट्रिक की कई सारी जानकारी सामने आ चुकी है। टाटा पंच ईवी हाल में टेस्टिंग के दौरान नजर आई है जिसमें कार के इंटीरियर की जानकारी सामने आ गई है। ताजा सामने आई जानकारी के हिसाब से पंच इलेक्ट्रिक के केबिन में खूब सारे हाइटेक फीचर्स दिए जाएंगे, इनमें से सबसे दिलचस्प 10.25-इंच का नया टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम है।
कितना खास होगा कार का केबिन
हाल में इंटरनेट पर सामने आए स्पाय फोटोज में पंच ईवी के केबिन को 2-स्पोक स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। ताजा जानकारी के हिसाब से नई पंच ईवी में 10.25-इंच का टचस्क्रीन सिस्टम भी मिलने वाला है। इस नए डिजाइन का स्टीयरिंग व्हील को पहली बार टाटा कर्व एसयूवी कॉन्सेप्ट में दिखाया गया था और संभवतः ये कंपनी की आने वाली सभी नई कारों में मिलने वाला है। पंच के अलावा कंपनी नई नैक्सॉन फेसलिफ्ट के साथ भी यही टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील दिया जाने वाला है।
बाहर से कितनी बदलेगी पंच ईवी
नई टाटा पंच इलेक्ट्रिक के एक्सटीरियर में ज्यादा बदलाव तो नहीं होने वाले, लेकिन इसे स्टैंडर्ड मॉडल से अलग दिखाने के लिए कुछ बदलाव पंच ईवी को मिल सकते हैं। नई ईवी को नए 5-स्पोक अलॉय व्हील्स दिए जाएंगे और पिछले पहिये में डिस्क ब्रेक्स मिलने वाले हैं। टाटा मोटर्स ने पंच और अल्ट्रोज के सीएनजी वेरिएंट को भी ऑटो एक्सपो 2023 में शोकेस किया था, इनमें से अल्ट्रोज ईवी लॉन्च की जा चुकी है, वहीं पंच सीएनजी को जल्द मार्केट में लॉन्च किया जाएगा।
