Salman Khan Bodyguard Shera Mahindra Thar Roxx: महिंद्रा ने हालिया लॉन्च नई थार रॉक्स की डिलीवरी शुरू कर दी है जिसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 12.99 लाख रुपये रखी है। इसके ग्राहकों में सलमान के बॉडीगार्ड शेरा उर्फ गुरमीत सिंह जॉली का बेटा अबीर भी शामिल हो गया है। हाल में अबीर सिंह ने अपने पिता और सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा के साथ थार रॉक्स की डिलीवरी लेते हुए इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर की है। लॉन्च होते ही महिंद्रा की नई रॉक्स एसयूवी सुपरहिट हो गई है और बुकिंग शुरू होने के महज 60 मिनट में ही कंपनी ने 1.78 लाख बुकिंग हासिल कर ली हैं। ना सिर्फ दिखने में जोरदार है, बल्कि शहरी के साथ कच्चे और चुनौतीपूर्ण रास्तों के हिसाब से तैयार की गई है।
नीलाम हुई पहली थार रॉक्स
बता दें कि शेरा ने हाल में खुदके लिए नई रेंज रोवर एसयूवी खरीदी है जिसकी कीमत करोड़ों में है। महिंद्रा ने हाल में पहली महिंद्रा थार रॉक्स नीलाम की है जिसपर आनंद महिंद्रा ने सिग्नेचर किया है। कंपनी ने इस एसयूवी के लिए सबसे बड़ी बोली लगाने वाले शख्स का नाम उजागर कर दिया है। स्पार्क मिंडा ग्रुप के सीईओ आकाश मिंडा ने पहली थार रॉक्स के लिए सबसे बड़ी 1.31 करोड़ की बोली लगाई है और उन्होंने दिल्ली में इस एसयूवी की डिलीवरी ली है। बता दें कि आकाश मिंडा ने ही 2020 में पहली 3 डोर थार के लिए सबसे बड़ी 1.11 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी।
कितना बदला एक्सटीरियर
एक्सटीरियर की बात करें तो नई थार रॉक्स को इसके स्टैंडर्ड मॉडल से मिलता-जुलता लुक दिया गया है। हालांकि ताजा लुक के लिए नई 6 स्लैट ग्रिल, गोल एलईडी हेडलाइट्स, सी आकार के डीआरएल और अगले बंपर से जुड़े फॉग लाइट्स दिए गए हैं। अब इंडिकेटर्स एसयूवी के अगले फैंडर्स पर लगा दिए गए हैं, वहीं नई थार रॉक्स के साथ अलॉय व्हील्स भी काफी आकर्षक और अलग किस्म के दिए गए हैं। नई थार रॉक्स 7 रंगों - टेंगो रेड, ऐवरेस्ट व्हाइट, स्टेल्थ ब्लैक, बैटलशिप ग्रे, बर्न्ट सिएना, फॉरेस्ट ग्रीन और नेबुला ब्लू में पेश की गई है।
मिला लंबा व्हीलबेस
नई महिंद्रा थार रॉक्स को लंबा व्हीलबेस दिया गया है जो इसके साथ मिले 2 एक्स्ट्रा दरवाजों के लिए जरूरी था। इससे केबिन में यात्रियों के बैठने की जगह भी बढ़ गई है। एसयूवी का सी-पिलर इसे और भी तगड़ा लुक देता है जिसके अगले हिस्से में चौकोर बीच की ग्लास विंडो और पिछले हिस्से में त्रिकोण आकार की पिछली विंडो दी गई है। इसके अलावा 3-डोर मॉडल से लिए गए डोर हैंडल्स, रियर व्यू मिरर और कई अन्य पुर्जे भी नई एसयूवी में देखने को मिले हैं।
इंटीरियर और फीचर्स
बढ़े हुए व्हीलबेस से इसका केबिन काफी जगहदार हो गया है और आरामदायक सीट्स के अलावा कार्गो के लिए खूब सारी जगह मिलती है। नई थार रॉक्स के केबिन में पैनोरमिक सनरूफ, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, अगली वेंटिलेटेड सीट्स, लेदरेट अपहोल्स्ट्री, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, हार्मन कार्डर साउंड सिस्टम और बड़े साइज के टचस्क्रीन सिस्टम के साथ ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी भी मिली हैं। यहां एड्रीनॉक्स ऑपरेटिंग सिस्टम भी मिला है। कंपनी ने एसयूवी को सबसे अहम फीचर भी दिया है जिसका नाम एडीएएस है।
कितना दमदार इंजन
महिंद्रा ने नई थार रॉक्स के एमएक्स1 वेरिएंट में 2.2-लीटर डीजल इंजन दिया है जो 148 बीएचपी ताकत और 330 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। एमएक्स1 पेट्रोल में 2.0-लीटर टर्बो इंजन मिलता है जो 158 बीएचपी ताकत और 330 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। कंपनी ने इन दोनों को 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से लैस किया है। कुल मिलाकर अब ये एक ऐसी एसयूवी है जो शहरों के साथ पहाड़ी, रेगिस्तानी और कच्चे ग्रामीण रास्तों के लिए बहुत जोरदार विकल्प बन गई है।
