Royal Enfield Classic 650 Launched: रॉयल एनफील्ड की क्लासिक 350 देश में सबसे ज्यादा पॉपुलर क्रूजर बाइक्स में से एक है। मोटरवर्स 2024 के दौरान कंपनी ने नई क्लासिक 650 को पहली बार शोकेस किया था और तभी से लोग इसके लॉन्च होने का इंतजार काफी बेसब्री से कर रहे थे। फैन्स के इंतजार को खत्म करते हुए आज कंपनी ने क्लासिक 650 को भारत में लॉन्च कर दिया है। इस बाइक को 3.37 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है। आइये आपको क्लासिक 650 के वेरिएंट्स, इनकी कीमत और फीचर्स के बारे में सबकुछ बताते हैं।
लॉन्च हो गई रॉयल एनफील्ड क्लासिक 650
रॉयल एनफील्ड क्लासिक 650 के वेरिएंट
रॉयल एनफील्ड क्लासिक 650 को कुल 3 वेरिएंट्स में भारत में पेश किया जाएगा। क्लासिक 650 के इन तीनों वेरिएंट्स को हॉटरॉड, क्लासिक और क्रोम नाम दिया गया है। जहां हॉटरॉड क्लासिक 650 का बेस वेरिएंट है वहीं क्रोम इस बाइक का टॉप वेरिएंट है। बाइक को 3 वेरिएंट और 4 कलर ऑप्शंस में लॉन्च किया गया है जिनमें वल्लम रेड, ब्रन्टिंगथोर्प ब्लू, टील ग्रीन और ब्लैक क्रोम शामिल हैं। जहां बेस वेरिएंट की कीमत 3.37 लाख रुपये है, वहीं क्लासिक वेरिएंट की कीमत 3.41 लाख रुपये और बाइक के टॉप मॉडल, क्रोम, की कीमत 3.50 लाख रुपये है।
रॉयल एनफील्ड क्लासिक 650 का इंजन
रॉयल एनफील्ड क्लासिक 650 में कंपनी का 648cc का पैरेलल ट्विन इंजन मिलता है। यह वही इंजन है जो कंपनी द्वारा सुपर मिटियर 650, शॉटगन 650, इंटरसेप्टर 650 और कंटीनेंटल 650 जैसी बाइक्स में ऑफर किया जाता है। यह इंजन 47bhp और 52.3nm का टॉर्क जनरेट करता है। इस इंजन को एक 6 स्पीड गेयरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है और इसमें स्लिप और असिस्ट क्लच का फीचर भी किया गया है।
रॉयल एनफील्ड क्लासिक 650 के फीचर्स
रॉयल एनफील्ड क्लासिक 650 में मौजूद फ्यूल टैंक 14.7 लीटर का है। बाइक में क्लासिक बाइक की डिजाइन लैंग्वेज वाली गोल्ड हैडलैंप देखने को मिलती है। हालांकि बाइक में मौजूद हैडलैंप LED लाइट वाली है लेकिन बाइक में आगे की तरफ मौजूद पायलट लाइट्स अभी भी हैलोजन वाली ही हैं। बाइक में ड्यूल चैनल ABS मिलता है और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर डिजिटल के साथ-साथ एनालोग भी है। इस इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर का इस्तेमाल कर आप नैविगेशन भी कर सकते हैं। अन्य फीचर्स के साथ ही बाइक में USB टाइप C चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है।
