New Royal Enfield Himalayan 450: रॉयल एनफील्ड 1 सितंबर को भारत में नई बुलेट 350 मोटरसाइकिल लॉन्च करने वाली है। इसके अलावा कंपनी बहुत जल्द बिल्कुल नई हिमालयन 450 भी लॉन्च करने वाली है जिसके लिए कंपनी ने मीडिया इन्वाइट भेज दिया है। नई रॉयल एनफील्ड हिमालयन 450 की रिव्यू राइड 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2023 को होने वाली है और इसे हिमाचल प्रदेश के मनाली में चलाने का मौका मिलेगा। अनुमान है कि नई रॉयल एनफील्ड हिमालयन 450 नवंबर में ही लॉन्च की जाएगी।
दिखने में मौजूदा बाइक जैसी
टेस्टिंग के दौरान नई हिमालयन 450 को कई बार देखा जा चुका है। रॉयल एनफील्ड हिमालयन 450 के साथ बड़े साइज का विंडस्क्रीन मिलने वाला है, वहीं इसका अगला मडगार्ड किसी पंछी की चोंच सा नजर आ रहा है। इस नई मोटरसाइकिल का टीजर भी कंपनी ने जारी कर दिया है और ये रॉयल एनफील्ड की सबसे सस्ती एडवेंचर बाइक होगी। फीचर्स की बात करें तो इसके साथ पूरी तरह एलईडी लाइटिंग, यूएसडी फोर्क्स और नया सिंगल पॉड इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलेगा।
कितना दमदार होगा इंजन
रॉयल एनफील्ड हिमालयन 450 के साथ 450 सीसी का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया जाएगा। हालांकि अब तक कंपनी ने इस मोटरसाइकिल की ताकत का आंकड़ा साझा नहीं किया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि नई बाइक का इंजन 40-45 एचपी ताकत और करीब 40 एनएम पीक टॉर्क बनाएगा। बेहतर ऑफरोडिंग के हिसाब से ट्यून किए सस्पेंशन और 6-स्पीड गियरबॉक्स बाइक को मिल सकते हैं। इसके अलावा कंपनी ने नई हिमालयन 450 को शहरी रास्तों के साथ ऑफरोडिंग के लिए तैयार किया है।
