रेनो इंडिया भारतीय बाजार में डस्टर की धमाकेदार वापसी के लिए पूरी तरह से तैयार है। यह कंपनी की सबसे लोकप्रिय एसयूवी है। लॉन्च से पहले कंपनी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर न्यू जेनरेशन Renault Duster का टीजर भी जारी किया है। कंपनी की ओर से Renault Duster के इस टीजर में एसयूवी के फ्रंट और रियर में नए एलईडी लाइटिंग पैकेज को देखा जा रहा है।
न्यू जेनरेशन Renault Duster भारतीय बाजार में धमाकेदार एंट्री लेने जा रही है। (फोटो क्रेडिट : Renault india x handle video grab)
भारतीय बाजार में कब होगी पेश
रेनो इंडिया की न्यू जेनरेशन डस्टर भारतीय बाजार में 26 जनवरी को एंट्री लेने जा रही है। इससे पहले कंपनी की ओर से भारतीय ऑटोमोबाइल प्रेमियों के लिए Renault Duster को साल 2012 में लॉन्च किया गया था, जिसने भारतीय एसयूवी सेगमेंट में एक धमाकेदार एंट्री ली थी। अपनी कई खूबियों जैसे शानदार राइड क्वालिटी, मजबूत बिल्ड और भरोसेमंद परफॉर्मेंस को लेकर यह गाड़ी ग्राहकों को खूब पसंद आई थी। हालांकि, कुछ समय बाद इसे बंद कर दिया गया था, लेकिन डस्टर के लिए ग्राहकों का एक अलग ही क्रेज आज भी बरकरार है।
नए डिजाइन के साथ आएगी Duster
इस बार न्यू जेनरेशन Renault Duster पिछली बार से पूरी तरह अलग डिजाइन के साथ पेश होने जा रही है। कंपनी की यह एसयूवी पहले से ज्यादा बोल्ड होने वाली है। गाड़ी के डिजाइन की बात करें तो यह नए स्लीक LED हेडलैंप, नए LED DRLs और C-शेप वाले कनेक्टेड LED टेललैंप के साथ आती है, जिन्हें बीच में नए ब्रांड लोगो से स्प्लिट किया गया है। फ्रंट बंपर पर भारी बॉडी क्लैडिंग, चौड़े एयर डैम्स और गोल फॉग लैंप गाड़ी को एक दमदार लुक देते हैं। इसके अलावा, उभरी हुई बोनट लाइन्स और मस्कुलर फेंडर्स इसे और ज्यादा आकर्षक बनाते हैं।
ADAS पाने वाली रेनो की पहली कार
नई Renault Duster को लेकर माना जा रहा है कि गाड़ी भारत में ADAS (Advanced Driver Assistance Systems) पाने वाली रेनो की पहली कार हो सकती है। इसके अलावा, कार में लेवल-2 ADAS फीचर्स जैसे लेन कीप असिस्ट, एक्टिव इमरजेंसी ब्रेकिंग, ट्रैफिक साइन रिकग्निशन, ड्राइवर अटेंशन अलर्ट और डिस्टेंस वार्निंग जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद की जा रही है। वहीं, कार में हिल स्टार्ट असिस्ट, हिल डिसेंट कंट्रोल, पार्किंग सेंसर्स और रियर व्यू कैमरा भी दिया जाएगा।
केबिन पहले से ज्यादा मॉडर्न और फीचर लोडेड
वहीं, कार के इंटीरियर की बात करें तो इस बार डस्टर का केबिन पहले से ज्यादा मॉडर्न और फीचर-लोडेड होने वाला है। इसमें ऑल-ब्लैक थीम के साथ ड्यूल-टोन ऑप्शन भी देखने को मिलेगा।डैशबोर्ड का लेयर्ड और एंगुलर डिजाइन प्रीमियम लुक देता है। वहीं, फीचर्स में 10-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, 7-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस चार्जर, Arkamys 3D साउंड सिस्टम और 360-डिग्री कैमरा शामिल होने की उम्मीद की जा रही है।
1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ होगी एसयूवी लॉन्च
इस एसयूवी के इंजन की बात करें तो शुरुआत में कार को 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ लॉन्च किया जाएगा। इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल और CVT गियरबॉक्स का ऑप्शन मिलेगा। माना जा रहा है कि भविष्य में कंपनी इसका स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वर्जन भी पेश कर सकती है।
