ऑटो न्यूज़

kawasaki W230 मॉडल की भारत में जल्द हो सकती है एंट्री, टीजर हुआ जारी

कावासाकी इंडिया ने अपनी W सीरीज बाइक की 60वीं एनिवर्सरी के मौके पर W230 मॉडल का टीजर जारी किया है, जो इस मॉडल के भारत में पेश होने की अटकलों को तेज करता है। कंपनी की यह मोटरसाइकल रेट्रो स्टाइल के साथ मॉडर्न कंपोनेंट्स के साथ आती है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक इस मोटरसाइकल को लेकर किसी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

_kawasaki W230 retro-style motorcycle

कावासाकी इंडिया W230 मॉडल को जल्द कर सकती है भारत में पेश (Photo Credit : Kawasaki Official Website)

कावासाकी इंडिया ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक टीजर जारी किया है। इस टीजर में Kawasaki W230 मॉडल की पहली झलक सामने आई है। कंपनी ने अपनी W सीरीज बाइक की 60वीं एनिवर्सरी के मौके पर इस टीजर को जारी किया है। इस टीजर के बाद से भारत में इस मोटरसाइकल के पेश होने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, अभी तक मोटरसाइकल को लेकर कंपनी की ओर से किसी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। भारत में फिलहाल कंपनी की W सीरीज बाइक में केवल W175 को ही पेश किया जाता है।

मिड-कैपेसिटी रेट्रो मोटरसाइकिल सेगमेंट में मजबूत होगी स्थिति

अगर कावासाकी की W सीरीज बाइक में इस मॉडल को पेश किया जाता है तो यह मिड-कैपेसिटी रेट्रो स्टाइल मोटरसाइकल की बढ़ती मांग को पूरा करने में प्रभावी साबित होगी। इसी के साथ कावासाकी की मिड-कैपेसिटी रेट्रो मोटरसाइकिल सेगमेंट में स्थिति पहले से अधिक मजबूत हो जाएगी। कंपनी की इस मोटरसाइकल को यूके जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बिक्री के लिए पहले ही पेश किया जा चुका है, जो दिखाता है कि कंपनी इस मॉडल को ग्लोबल लेवल पर पहले ही स्थापित कर चुकी है।

Royal Enfield Hunter 350 और TVS Ronin से होगा मुकाबला

कंपनी की इस मोटरसाइकल के राइवल्स की बात करें तो यह मॉडल Royal Enfield Hunter 350, TVS Ronin और Yamaha XSR 155 जैसी रेट्रो और नियो-रेट्रो को प्रतिस्पर्धा दे सकता है। माना जा रहा है कि अगर कंपनी इस मॉडल को भारत में एक सही कीमत पर पेश करती है तो यह सेगमेंट का एक मजबूत विकल्प बन सकता है।

कावासाकी की इस मोटरसाइकल को 2026 की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि, मोटरसाइकल को लेकर अंतिम फैसला कावासाकी इंडिया की रणनीति और प्राइसिंग पर ही निर्भर करेगा।

W230 मॉडल रेट्रो स्टाइल को करता है फॉलो

नई मोटरसाइकल के डिजाइन की बात करें यह मॉडल पूरी तरह से क्लासिक और रेट्रो स्टाइल को फॉलो करता है। पुराने समय की याद दिलाते हुए इस मोटरसाइकल में गोल हेडलैंप, टियरड्रॉप शेप का फ्यूल टैंक, वायर-स्पोक व्हील्स और क्रोम फिनिश वाले बॉडी पार्ट्स दिए गए हैं। सस्पेंशन सेटअप की बात करें तो आगे टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क और पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर मिलता है। ब्रेकिंग के लिए दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक की सुविधा दी गई है। मोटरसाइकल में आगे 18-इंच और पीछे 17-इंच का व्हील सेटअप मिलता है।

मॉडल में 233 cc का एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन

कावासाकी के W230 मॉडल में 233 cc का एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो 17.3 bhp की पावर और 18.6 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को छह-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। यह इंजन भारत में बिकने वाली Kawasaki KLX230 में भी इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसका लोकलाइजेशन हो चुका है। माना जा रहा है कि अगर W230 को भारत में असेंबल किय गया तो कंपनी इस मॉडल की कीमत को प्रतिस्पर्धी रखने में सफल हो सकती है।

कावासाकी के इस मॉडल के फीचर्स और डायमेंशन्स की बात करें तो इसका वजन 133 किलोग्राम है। वहीं, मोटरसाइकल में 745 mm सीट हाइट मिलती है, जो कि एक एवरेज हाइट के राइडर्स के लिए कंफर्टेबल मानी जा सकती है। इसके अलावा, इस मॉडल में 150 mm का ग्राउंड क्लीयरेंस और 12 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है।

शिवानी कोटनाला
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article