Ola New Employee Bijlee: ओला इलेक्ट्रिक के सीईओ भाविश अग्रवाल ने अपने ट्विटर हैंडर पर दिल खुश करने वाली घोषणा की है। भाविश ने अपनी कंपनी के नए कर्मचारी की जानकारी दी है जिसका नाम बिजली है जो एक डॉगी है। इन्होंने नए ओला कर्मचारी का फोटो कंपनी के आईडी कार्ड के साथ पोस्ट किया है जिसे देखकर ट्विटर पर काफी मजेदार प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। आईडी कार्ड पर बिजली का एम्प्लॉई कोड 440 वोल्ट है, इसमें बिजली का ब्लड ग्रुप भी बताया गया है जो पॉजिटिव है और इसमें पॉ यानी कुत्ते के पैर को दर्शाया गया है।
किस विभाग में काम करेगी बिजली
बिजली के आईडी कार्ड पर संपर्क सूत्र की जगह स्लैक लिखा गया है जो किसी कार्यालय में संदेश भेजने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सर्विस है। दिलचस्प ये है कि आपातकाल में इसका संपर्क बीए ऑफिस लिखा गया है जो ये बताता है कि ये भाविश अग्रवाल के कितनी करीबी बन चुकी है। ये भी साफ हो गया है कि बिजली कंपनी के बेंगलुरु स्थित कोरमंगला ऑफिस में काम करेगी। ये वाकई एक अलग सोच है जो कई अन्य लोगों द्वारा भी अपनाई जा चुकी है।
ह्यून्दे भी कर चुकी है ये काम
ओला ही नहीं, ह्यून्दे ब्राजील ने भी इसी तरह एक स्ट्रीट डॉग को अडॉप्ट किया था। ब्राजील में ह्यून्दे के शोरूम के बाहर एक कुत्ता हमेशा बैठा करता था, कुछ समय बाद इस डीलरशिप ने कुत्ते को अपना कर्मचारी बना लिया और 2020 में इसे टूसॉन प्राइम नाम दिया गया था। भाविश अग्रवाल के ट्विट को देखते ही लोगों ने इसपर मजेदार प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया, कुछ लोगों ने इसे ऑसम पॉसम कहा, तो कुछ ने कहा कि ये बिजली की दुनिया है और हम सब इसमें रह रहे हैं।
