ऑटो न्यूज़

मारुति सुजुकी की मुनाफा तीसरी तिमाही में 80 प्रतिशत उछला, अभी तो त्योहारी सीजन बाकी

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Oct 27, 2023, 05:47 PM IST

कंपनी ने एक बयान में बताया कि उसे यह मुनाफा बेहतर बिक्री, जिंस की कीमतों में नरमी, लागत घटाने की कोशिशों और ऊंची गैर-परिचालन आमदनी के कारण हुआ।

Image

त्योहारी सीजन से ठीक पहले वाली तिमाही में मारुति सुजुकी का मुनाफा बढ़ा है।

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • मारुति सुजुकी का मुनाफा 80 प्रतिशत बढ़ा
  • वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में हुआ प्रॉफिट
  • त्योहारों के सीजन वाली बिक्री अभी बाकी

Maruti Suzuki Third Quarter Sales: मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही का शुद्ध लाभ 80.3 प्रतिशत उछाल के साथ 3,716.5 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने एक बयान में बताया कि उसे यह मुनाफा बेहतर बिक्री, जिंस की कीमतों में नरमी, लागत घटाने की कोशिशों और ऊंची गैर-परिचालन आमदनी के कारण हुआ। त्योहारों के सीजन में कंपनी की बिक्री सबसे ज्यादा होती है, ऐसे में अगली तिमाही का मुनाफा और भी ज्यादा बढ़ने की संभावना है।

शुद्ध बिक्री 35,535.1 करोड़ रुपये

एमएसआई को पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में शुद्ध लाभ 2,061.5 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी ने बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में पंजीकृत शुद्ध बिक्री 35,535.1 करोड़ रुपये रही, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 28,543.50 करोड़ रुपये रही थी। हालांकि बाकी की ज्यादातर वाहन निर्माता कंपनियों ने इस त्योहारों के सीजन में बिक्री के सपाट रहने की संभावना जताई हैं।

69,324 कारों का निर्यात

एमएसआई ने जुलाई-सितंबर तिमाही में 5,52,055 वाहनों की बिक्री की, जिनमें से 4,82,731 वाहन घरेलू बाजार में जबकि शेष 69,324 कारों का निर्यात किया। कंपनी ने सितंबर, 2022 में 5,17,395 वाहन बेचे थे। मारुति सुजुकी ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसकी बिक्री संख्या, शुद्ध बिक्री और शुद्ध लाभ अब तक किसी भी तिमाही के मुकाबले अधिक रहा।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article