Maruti Suzuki Grand Vitara Price Hike: मारुति सुजुकी ने एक तरफ ग्रैंड विटारा एसयूवी पर फरवरी 2024 में 75,000 रुपये तक डिस्काउंट दिया है वहीं दूसरी तरफ इसके चुनिंदा वेरिएंट्स की कीमत में इजाफा भी किया है। कंपनी ने एसयूवी के डेल्टा स्मार्ट हाइब्रिड एटी, जेटा स्मार्ट हाइब्रिड एटी, अल्फा स्मार्ट हाइब्रिड एटी और अल्फा डुअल टोन स्मार्ट हाइब्रिड एटी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है, वहीं बाकी सारे वेरिएंट्स 10,000 रुपये महंगे कर दिए हैं। ग्रैंड विटारा लॉन्च के बाद से ही भारतीय ग्राहकों की नजरों में चढ़ी हुई है और कंपनी को इसकी जोरदार डिमांड मिल रही है।
Maruti Suzuki Grand Vitara SUV के चुनिंदा वेरिएंट्स की कीमत में इजाफा किया है।
कितना डिस्काउंट मिला
ग्रैंड विटारा पर 25,000 रुपये का कैश डिस्काउंट और 50,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस दिया जा रहा है। दूसरी तरफ इसके माइल्ड हाइब्रिड वेरिएंट पर कुल 50,000 रुपये का डिस्काउंट मिला है। यहां ग्राहकों को 15,000 रुपये का कैश डिस्काउंट और 35,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस दिया जा रहा है। बता दें कि 29 फरवरी तक ही इन ऑफर्स का फायदा उठाया जा सकता है। एसयूवी के अगले हिस्से में स्प्लिट हेडलैंप डिजाइन दिया गया है. यहां प्रोजेक्टर हेडलैंप्स मिले हैं जो एलईडी डीआरएल के साथ आए हैं। पिछले हिस्से पर नजर डालें तो यहां पतला एलईडी टेललैंप मिला है। कंपनी ने ग्रैंड विटारा को 6 सिंगल और 3 डुअल टोन रंगों में पेश किया है।
इंटीरियर और फचर्स भी प्रीमियम
मारुति सुजुकी ने नई ग्रैंड विटारा के इंटीरियर को ब्लैक और ब्राउन थीम में पेश किया है। सीट्स को नकली ब्लैक लेदर के साथ शैंपेन गोल्ड एक्सेंट में पेश किया है जो स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वेरिएंट में मिलेंगे। इसके अलावा स्मार्ट हाइब्रिड वेरिएंट को सिल्वर एक्सेंट के सीट कवर्स मिलेंगे। ग्रैंड विटारा मारुति सुजुकी की पहली गाड़ी है जिसके साथ पैनोरमिक सनरूफ दी गई है। यहां हेड्स अप डिस्प्ले, वायरलेस चार्जर, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 360-डिग्री पार्किंग कैमरा और कनेक्टेड कार तकनीक भी मिलेगी।
9-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम
बाकी फीचर्स में एंबिएंट लाइटिंग, अगली वेंटिलेटेड सीट्स, कीलेस एंट्री, रियर एसी वेंट्स, पुश बटन स्टार्ट/स्टॉप और यूएसबी पोर्ट्स जैसे अन्य फीचर्स शामिन हैं। इसके अलावा एसयूवी के केबिन में 9-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिला है जो ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो सपोर्ट करता है। सेफ्टी के लिए यहां 6 एयरबैग्स, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, हिल डिसेंट कंट्रोल, रियर डिस्क ब्रेक्स, हिल होल्ड असिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
इंजन के विकल्प भी हैं जोरदार
नई ग्रैंड विटारा के साथ दो इंजन विकल्प मिलेंगे जिनमें 1.5-लीटर माइल्ड हाइब्रिड इंजन और 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन शामिल हैं। स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन को टोयोटा द्वारा डेवेपल किया गया है। एसयूवी का माइल्ड हाइब्रिड इंजन 100 पीएस और 135 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। इस इंजन को 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिए गए हैं। कंपनी का दावा है कि ये 21.11 किमी/लीटर माइलेज देती है। स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन 115 पीएस बनाता है और कंपनी ने इसे सिर्फ ईसीवीटी ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से लैस किया है। मारुति सुजुकी का दावा है कि ये एसयूवी इस क्लास का सबसे अच्छा माइलेज देती है जो करीब 28 किमी/लीटर चलती है।
