Mahindra Thar Roxx: महिंद्रा को एक से बढ़कर एक शानदार SUVs बनाने के लिए जाना जाता है। कंपनी की थार को इसके क्लासिक और मस्कुलर लुक और जबरदस्त ऑफ-रोड क्षमता की वजह से काफी पसंद करते आए हैं। कुछ समय पहले ही कंपनी ने महिंद्रा थार का 5 डोर वर्जन, महिंद्रा थार रॉक्स (Mahindra Thar Roxx) भारतीय मार्केट में लॉन्च किया था। महिंद्रा थार रॉक्स को भी भारत में काफी पसंद किया जा रहा है। इस कार की पॉपुलैरिटी का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि इसका वेटिंग पीरियड लगातार बढ़ रहा है। अब एक बार फिर थार रॉक्स के वेटिंग पीरियड (Thar Roxx Waiting Period) में इजाफा हो गया है। अगर आप भी इस धाकड़ SUV को खरीदने के बारे में विचार कर रहे हैं तो आपको पहले इसके वेटिंग पीरियड के बारे में जानकारी प्राप्त कर लेनी चाहिये।
कितना बढ़ा वेटिंग पीरियड?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार थार रॉक्स के वेटिंग पीरियड में 9 से 15 महीने का इजाफा देखने को मिल रहा है। विभिन्न वेरिएंट्स के हिसाब से वेटिंग पीरियड भी अलग-अलग है लेकिन आपको कम से कम 9 महीने और अधिकतम 1 साल 3 महीने इंतजार करना होगा। फिलहाल कंपनी हर महीने 9,500 थार कारें बनाने की क्षमता पर ऑपरेट कर रही है। इन 9,500 कारों में थार रॉक्स के साथ-साथ थार 3 डोर भी शामिल है। कंपनी फिलहाल कार निर्माण की अपनी क्षमता को बढ़ाने पर भी काम कर रही है। कंपनी अगले फेज में हर महीने 11,000 कारें बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।
जबरदस्त डिमांड में है थार रॉक्स
महिंद्रा थार रॉक्स की बुकिंग 3 अक्टूबर से शुरू हुई थी। शुरुआत से ही महिंद्रा की यह कार काफी डिमांड में है और महिंद्रा को पहले एक घंटे में ही कार की 1.80 लाख बुकिंग्स भी मिल चुकी थी। यही वजह है कि थार रॉक्स का वेटिंग पीरियड बढ़ता ही चला गया। अभी भी कार की मांग में काफी तेजी से वृद्धि देखने को मिल रही है। हालांकि कंपनी थार रॉक्स की निर्माण क्षमता को बढ़ाने की तैयारी कर रही है लेकिन लगातार बढ़ रही मांग की वजह से कार का वेटिंग पीरियड भी बढ़ेगा।
