Mahindra Thar Armada 5 Door: महिंद्रा ने हाल में कई सारे नाम ट्रेडमार्क अपनी आगामी गाड़ियों के लिए कराए हैं जिनमें से सबसे दिलचस्प अर्माडा है। कंपनी 5 दरवाजों वाली नई थार एसयूवी को थार अर्माडा नाम से पेश कर सकती है। गौरतलब है कि महिंद्रा एक समय अर्माडा नाम की धाकड़ एसयूवी देश में बेचती थी, अब इस नाम की वापसी हो सकती है। भारत में इस नई ऑफरोड एसयूवी का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है और लॉन्च होते ही ये मारुति सुजुकी जिम्नी और आगामी फोर्स गुरखा 5-डोर से तगड़ा मुकाबला करने वाली है।
कंपनी 5 दरवाजों वाली नई थार एसयूवी को थार अर्माडा नाम से पेश कर सकती है।
5-डोर में भी सस्ता वेरिएंट आएगा!
हाल में नई महिंद्रा थार 5-डोर को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है और अब अनुमान है कि इसे भी कंपनी रियर-व्हील ड्राइव विकल्प देगी। ये वेरिएंट थार 5-डोर का सबसे सस्ता मॉडल होगा। रिपोर्ट में ये दावा किया गया है कि नई थार 5-डोर स्कॉर्पियो एन वाले मजबूत प्लेटफॉर्म पर तैयार की जा रही है। कंपनी आगामी ऑफ-रोडर की लंबाई के हिसाब से इसमें बदलाव करने वाली है। नई एसयूवी के पिछले हिस्से में समान पेंटालिंक सस्पेंशन मिलने वाले हैं। लंबे व्हीलबेस पर इस नई एसयूवी को तैयार किया जा रहा है जो केबिन में तीसरी पंक्ति के लिए पर्याप्त जगह लेकर आएगी।
नई थार को मिलेंगे दो इंजन विकल्प
5 दारवाजों वाली नई थार के साथ महिंद्रा दो इंजन विकल्प देगी जिनमें से पहला 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और दूसरा टर्बो डीजल इंजन हैं। ये वही इंजन है जो मौजूदा मॉडल के साथ मिलते हैं, हालांकि 5-डोर थार में ये दोनों इंजन कुछ ज्यादा दमदार हो सकते हैं। यहां 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलेंगे। भारत में इसका मुकाबला करने के लिए दो और एसयूवी आ रही हैं जिनमें से 5-डोर मारुति सुजुकी जिम्नी लॉन्च हो चुकी है, वहीं 5-डोर फोर्स गुरखा हैं जल्द मार्केट में एंट्री करेगी।
