ऑटो न्यूज़

त्यौहारों के सीजन से उम्मीद लगाए बैठी हैं, मर्सिडीज ऑडी जैसी लग्जरी कार कंपनियां

भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी कार मार्केट है और यह काफी तेजी से और बड़ी भी हो रही है। हालांकि देश में महंगी कारों की बिक्री में तेजी देखने को मिली है लेकिन अभी भी कुल मार्केट में लग्जरी कारों की हिस्सेदारी बहुत ही कम है। फिलहाल लग्जरी कारें बनाने वाली कंपनियां त्याहारों के सीजन का इंतजार कर रही हैं।

Image

त्यौहारों के सीजन से उम्मीद लगाए बैठी हैं, मर्सिडीज ऑडी जैसी लग्जरी कार कंपनियां

Photo : Times Now Digital

Luxury Cars: देश में महंगी कारों की मांग में तेजी देखने को मिल रही है। ऐसे में लग्जरी कार बनाने वाली कंपनियां, जैसे मर्सिडीज-बेंज, ऑडी और बीएमडब्ल्यू इस साल त्योहारी सत्र के दौरान अपनी बिक्री में वृद्धि की उम्मीद कर रही हैं। मर्सिडीज-बेंज इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संतोष अय्यर ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि इस साल लग्जरी कार खंड अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए तैयार है। इसमें त्योहारी सत्र की बिक्री महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अय्यर ने कहा कि आमतौर पर त्योहारी सीजन में वाहन कंपनियों की बिक्री में बढ़ोतरी दो अंक में रहती है। ऐसे में उन्हें पिछली तिमाही की औसतन एक अंकीय बिक्री वृद्धि से उबरने में मदद मिलती है।

सभी के लिए अलग होगा त्यौहारों का सीजन

उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह औसतन हम त्योहारी सत्र में दो अंकों वाली वृद्धि प्राप्त करने में सक्षम हैं।’’ देश के कुल पैसेंजर वाहनों के बाजार में लग्जरी कार का हिस्सा अब भी काफी कम है। अय्यर ने कहा कि इस वित्त वर्ष में लग्जरी कारों का सेगमेंट रिकॉर्ड बिक्री दर्ज करने की ओर अग्रसर है, लेकिन सभी कंपनियां वृद्धि नहीं देख रही हैं। अय्यर ने कहा, ‘‘कुछ (कंपनियों) की बिक्री में कम वृद्धि देखने को मिलेगी और कुछ की बिक्री स्थिर रहेगी, क्योंकि उन्हें चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। चूंकि हम बाजार में मुख्य खिलाड़ी हैं, इसलिए हमें अब भी लगता है कि इस साल लग्जरी कार बाजार 50,000-51,000 इकाई के आंकड़े को पार कर जाना चाहिए।’’

बढ़ रहा है ग्राहकों का भरोसा

भारत में लग्जरी कार बाजार अब भी बहुत छोटा है। देश के कुल यात्री वाहन बाजार में इसकी हिस्सेदारी दो प्रतिशत से भी कम है। ऑडी इंडिया के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि कंपनी को उम्मीद है कि लग्जरी कार बाजार में जो सकारात्मक रुख दिखाई दे रहा है, वह त्योहारी सत्र में भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सबसे ज्यादा बिकने वाले मॉडल ए6, क्यू3, क्यू3 स्पोर्टबैंक, क्यू5, क्यू7 और हाल में पेश क्यू8 इस मजबूत मांग को आगे बढ़ाएंगे।’’ ढिल्लों ने कहा कि इसके अलावा कंपनी अपनी ई-ट्रॉन श्रृंखला, ई-ट्रॉन जीटी और आरएस ई-ट्रॉन जीटी को लेकर भी आशान्वित है। बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष विक्रम पावाह ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत है और लग्जरी सेगमेंट में उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के लिए ऑर्डर बैंक मजबूत है और हम अपने ग्राहकों के लिए डिलिवरी में तेजी लाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।

pawan mishra
Pawan Mishra author

पवन कुमार मिश्रा Timesnowhindi.com के साथ फरवरी 2024 से बतौर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में जुड़े हैं। जन्म दिल्ली में हुआ और शिक्षा भी यहीं से पूरी की है। कारों से खास प्रेम है और ऑटोमोबाइल जगत से संबंधित हर छोटी-बड़ी अपडेट पर अपनी नजर रखते हैं और लोगों को गाड़ियों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करते हैं। इसके साथ ही लोगों की आम समस्याओं और समस्याओं के समाधान के बारे में यूटिलिटी सेक्शन में भी लिखते हैं। संगीत में काफी रूचि है और व्यस्त न होने पर गाने गुनगुनाते या सुनते हुए नजर आते हैं। घूमने का भी काफी शौक है और प्रकृति से काफी लगाव भी। रामजस कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और इससे पहले बिजनेसवर्ल्ड हिंदी में बतौर सब-एडिटर भी काम कर चुके हैं। पिछले 3.5 सालों से मीडिया इंडस्ट्री में मौजूद हैं।

और पढ़ें
End of Article