काइनेटिक ग्रीन और टोनिनो लैम्बॉर्गिनी ने मिलकर भारत में एक हाई-एंड गोल्फ कार्ट लॉन्च की है। यह कार्ट खासतौर पर गोल्फ कोर्स, एयरपोर्ट्स और लग्जरी रिसॉर्ट्स जैसे प्रीमियम स्थानों के लिए तैयार की गई है। इसकी डिजाइन इटली में की गई है और निर्माण भारत में हुआ है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पुणे स्थित इलेक्ट्रिक वाहन विनिर्माता कंपनी, इस संयुक्त उद्यम काइनेटिक ग्रीन टोनिनो लैम्बॉर्गिनी (केजीटीएल) में 70 प्रतिशत हिस्सेदारी रखेगी, जबकि इटली की कंपनी के पास शेष 30 प्रतिशत हिस्सेदारी रहेगी।
इसका उपयोग विशेष रूप से गोल्फ कोर्स, रिसॉर्ट्स, औद्योगिक परिसरों और एयरपोर्ट्स जैसे स्थानों पर किया जाएगा।
संयुक्त प्रयास से लॉन्च हुआ नया उत्पाद
काइनेटिक ग्रीन (भारत) और टोनिनो लैम्बॉर्गिनी (इटली) ने साझेदारी में इस लग्जरी गोल्फ कार्ट को विकसित किया है। यह पहल भारत में प्रीमियम इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को नया आयाम देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
इटली में बनी डिजाइन, भारत में हुआ निर्माण
इस गोल्फ कार्ट का डिजाइन टोनिनो लैम्बॉर्गिनी की देखरेख में इटली में तैयार किया गया है जबकि इसका उत्पादन भारत में किया जा रहा है। इसका उपयोग विशेष रूप से गोल्फ कोर्स, रिसॉर्ट्स, औद्योगिक परिसरों और एयरपोर्ट्स जैसे स्थानों पर किया जाएगा।
बेहतरीन फीचर्स से लैस है कार्ट
कार्ट में दो से लेकर आठ सीटों तक के विकल्प दिए गए हैं। इसमें स्मार्ट डैशबोर्ड, वायरलेस चार्जिंग, एलईडी लाइट्स, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, हिल होल्ड असिस्ट और फोल्डेबल विंडशील्ड जैसे प्रीमियम फीचर्स मौजूद हैं। इसकी रेंज सिंगल चार्ज में 150 किलोमीटर तक है और यह 45Nm टॉर्क तथा 30% ग्रेडिबिलिटी हासिल करने में सक्षम है।
दुनिया के इन देशों से होगी शुरुआत
कंपनियों ने पहले चरण में बहरीन, मालदीव, थाईलैंड और न्यूजीलैंड जैसे देशों में इस कार्ट को उतारने की योजना बनाई है। इसके बाद इसे यूरोप के विभिन्न बाजारों में भी पेश किया जाएगा।
कितनी है कीमत
यह कार्ट Genesis और Prestige दो वेरिएंट्स में उपलब्ध होगी। Genesis वेरिएंट की शुरुआती कीमत $10,000 और Prestige वेरिएंट की कीमत $14,000 रखी गई है। कीमत को देखते हुए यह विशेष रूप से प्रीमियम ग्राहकों को ध्यान में रखकर लॉन्च की गई है।
