Hyundai Exter Night Edition Teased: ह्यून्दे एक्सटर को भारतीय मार्केट में खूब पसंद किया जा रहा है और अब कंपनी इस कॉम्पैक्ट एसयूवी का पहला स्पेशल एडिशन लॉन्च करने वाली है। ह्यून्दे एक्सटर का नया नाइट एडिशन लॉन्च करने वाली है जो पूरी तरह ब्लैक स्कीम पर तैयार की गई है। इससे पहले कंपनी ने क्रेटा और वेन्यू के नाइट एडिशन लॉन्च किए थे, अब एक्सटर तीसरा मॉडल होगी जिसे ये स्पेशल ट्रीटमेंट दिया जाएगा। इस स्पेशल एडिशन की कीमत में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं की जाएगी, ऐसे में ब्लैक स्कीम वाले इस आकर्षक एडिशन को लगभग स्टैंडर्ड एक्सटर की कीमत में ही खरीदा जा सकता है।
कंपनी ने जारी किया टीजर
ह्यून्दे इंडिया ने एक्सटर नाइट एडिशन का टीजर भी जारी कर दिया है जिसमें टेलगेट, पिलर्स और रूफ स्पॉइलर पर लाल गार्निश देखने को मिला है। अनुमान है कि कार की ग्रिल, अलॉय व्हील्स, रूफ रेल्स और लोगो पर भी ब्लैक कलर दिया जाएगा। क्रेटा और वेन्यू के प्री-फेसलिफ्ट मॉडल की तर्ज पर ह्यून्दे एक्सटर नाइट एडिशन के केबिन को भी पूरी तरह ब्लैक ट्रीटमेंट दिया जा सकता है। इसके अलावा हेडरेस्ट पर लोगो मिलेगा। हमारा मानना है कि फीचर्स के मामले में एक्सटर नाइट एडिशन को कोई बदलाव नहीं दिया जाएगा।
कितना दमदार है इंजन
ह्यून्दे एक्सटर के साथ सामान्य रूप से 1.2-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलने वाला है। ये इंजन 5-स्पीड मैनुअल और एएमटी गिरयबॉक्स के साथ आता है और 81 बीएचपी ताकत के साथ 113 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी ने इस कार को सीएनजी विकल्प में भी उपलब्ध कराया है, हालांकि अब तक ये स्पष्ट नहीं है कि नाइट एडिशन के साथ ये विकल्प मिलेगा या नहीं। कुल मिलाकर अगर आप ताजा रंग और अलग अंदाज वाली एक्सटर खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए ये विकल्प बहुत अच्छा साबित होगा।
