Hyundai Motor India अपने एसयूवी पोर्टफोलियो को मजबूत करने की तैयारी में है। कंपनी बहुत जल्द नेक्स्ट-जेनरेशन Hyundai Creta, Bayon बेस्ड मिडसाइज एसयूवी और Inster से इंस्पायर्ड इलेक्ट्रिक एसयूवी पेश कर सकती है। हालांकि, अभी इन नए मॉडल को लेकर कंपनी ने आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। हम यहां Bayon बेस्ड एसयूवी को लेकर जानकारी दे रहे हैं-
Hyundai Bayon based midsize SUV की जल्द होगी एंट्री (Representative Image)
कब लॉन्च होगी नई एसयूवी?
Hyundai की नई Bayon-बेस्ड एसयूवी को कंपनी अपनी मौजूदा Venue और Creta के बीच पोजिशन करेगी। इससे ग्राहकों को एक ऐसा विकल्प मिलेगा जो साइज, फीचर्स और कीमत के लिहाज से इन दोनों मॉडलों के बीच फिट बैठेगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस नई SUV की ग्लोबल लेवल पर शुरुआत सितंबर 2026 के आसपास हो सकती है, जबकि भारतीय बाजार में इसकी लॉन्चिंग दिवाली सीजन के दौरान होने की उम्मीद है। त्योहारों के समय नई गाड़ियों की बिक्री बढ़ने के कारण कंपनी इस मौके का फायदा उठाना चाहती है।
पेट्रोल और CNG दोनों विकल्प मिल सकते हैं
नई Hyundai Bayon- बेस्ड एसयूवी को दो इंजन विकल्पों के साथ पेश किया जा सकता है। इसमें 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और फैक्ट्री-फिटेड CNG वेरिएंट शामिल हो सकता है। यही पेट्रोल इंजन Hyundai Creta में भी इस्तेमाल किया जाता है, जो लगभग 115PS की अधिकतम पावर और 143.8Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
अगर कंपनी इस SUV में CNG विकल्प देती है, तो यह 4 मीटर से लंबी Hyundai की पहली ऐसी कार होगी जिसमें कंपनी की ओर से फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी तकनीक मिलेगी। इससे उन ग्राहकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी, जो बेहतर माइलेज और कम ईंधन खर्च वाली एसयूवी खरीदना चाहते हैं।
कैसा होगा डिजाइन
अब तक सामने आई टेस्टिंग तस्वीरों से अंदाजा लगाया जा रहा है कि नई SUV का डिजाइन काफी हद तक Hyundai Venue से इंस्पायर्ड होगा। इसमें ऊपर की ओर स्लिम LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स (DRLs) और नीचे स्प्लिट LED हेडलैंप सेटअप देखने को मिल सकता है। फ्रंट ग्रिल में हॉरिजॉन्टल बार डिजाइन दिया जा सकता है, जबकि बंपर के निचले हिस्से में बड़े एयर वेंट्स नजर आ सकते हैं। टेस्टिंग के दौरान सामने आए मॉडल में फ्रंट रडार सेंसर भी देखा गया है।
फीचर्स में मिल सकती है आधुनिक तकनीक
उम्मीद की जा रही है कि भारतीय मॉडल में कई प्रीमियम फीचर्स देखने को मिलेंगे। इनमें 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, Bose का 8-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, Hyundai Bluelink कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, OTA अपडेट, वायरलेस फोन चार्जर और मल्टीपल एयरबैग शामिल हो सकते हैं। सुरक्षा के लिहाज से भी कंपनी ADAS, हिल स्टार्ट असिस्ट, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स दे सकती है, जो इस SUV को सेगमेंट में मजबूत दावेदार बना सकते हैं।
