Honda Cars Recalled In India: होंडा कार्स इंडिया ने अपनी करीब 1 लाख तक कारों को वापस बुलाया है। कंपनी ने भारतीय मार्केट में अमेज सबकॉम्पैक्ट सेडान, ब्रियो हैचबैक, बीआर-वी एसयूवी, सिटी कॉम्पैक्ट सेडान, जैज प्रीमियम हैचबैक और डब्ल्यूआर-वी सबकॉम्पैक्ट एसयूवी की कुल 92,672 यूनिट के लिए रिकॉल जारी किया है। होंडा कार्स का कहना है कि इन कारों के फ्यूल पंप में खराबी आई है जिसे ठीक करना जरूरी है। सभी प्रभावित वाहनों का उत्पादन अगस्त 2017 से जून 2018 के बीच किया गया है। ये रिकॉल उन 2,204 यूनिट पर भी लागू है जिनका फ्यूल पंप स्पेयर पार्ट के रूप में पहले ही बदल दिया गया है।
पहले भी कई रिकॉल जारी हुए
होंडा कार्स इंडिया इससे पहले भी कई बार कई अलग-अलग मामलों में अलग कारों के लिए रिकॉल जारी कर चुकी है। 2021 में कंपनी ने 78,000 कारों का रिकॉल खराब फ्यूल पंप को लेकर जारी किया गया था। इन प्रभावित वाहनों का उत्पादन 2019 और 2020 के बीच किया गया था। इस दिक्कत के चलते कार स्टार्ट होने में परेशानी और इंजन बंद होने की शिकायत शामिल है। कंपनी का कहना है कि कई चरणों में प्रभावित वाहनों की मरम्मत का काम किया जाएगा। रिकॉल के लिए कंपनी प्रभावित वाहन मालिकों से बात कर रही है और 5 नवंबर से ये काम शुरू होगा।
किसी कार की कितनी यूनिट
होंडा इंडिया ने इस रिकॉल में अमेज की कुल 18,851 यूनिट, ब्रियो की 3,317 यूनिट, बीआर-वी की 4,386 यूनिट, सिटी की 32,872 यूपिट, जैज की 16,744 यूनिट और डब्ल्यूआर-वी की 14,298 यूनिट वापस बुलाई हैं। कंपनी का कहना है कि होंडा कार्स इंडिया की वेबसाइट पर अपनी कार का वीआईएन नंबर प्रोडक्ट अपडेट/रिकॉल पेज पर डालकर ये पता कर सकते हैं कि कार रिकाल के दायरे में आई है या नहीं। इसके अलावा जिन होंडा ग्राहकों ने 2017 से 2023 के बीच फ्यूल पंप खरीदा है, उन्हें भी इसका जांच की सलाह दी है।
