Hero Motocorp Bike And Scooter Price Increase: हीरो मोटोकॉर्प देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी है। फिलहाल हीरो मोटोकॉर्प को लेकर एक काफी बड़ी खबर सामने आ रही है। हाल ही में कंपनी ने जानकारी देते हुए बताया है कि 1 जुलाई 2024 से कंपनी अपने बाइक और स्कूटर्स की कीमतों में इजाफा करने जा रही है। कंपनी अपनी बाइक्स और स्कूटर्स के चुनिन्दा मॉडल्स पर कीमत की बढ़ोत्तरी करेगी। हीरो मोटोकॉर्प स्प्लेंडर, ग्लैमर और एचएफ डीलक्स समेत बहुत सी प्रमुख बाइक्स बेचती है।
क्यों बढ़ाई जा रही है कीमत?
हीरो मोटोकॉर्प ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया है कि बाइक और स्कूटर्स की उत्पादन लागत में बढ़ोत्तरी होने की वजह से कंपनी को यह फैसला लेना पड़ रहा है। कंपनी का कहना है कि उत्पादन लागत में हुई बढ़ोत्तरी का कुछ भार कस्टमर्स पर भी पड़ेगा। हीरो मोटोकॉर्प की बाइक्स को देश में काफी पसंद किया जाता है और कंपनी रोजाना इस्तेमाल वाली कई बाइक्स और स्कूटर्स का निर्माण करती है।
कितनी बढ़ेगी कीमत?
हीरो मोटोकॉर्प ने जानकारी देते हुए बताया है कि चुनिन्दा मॉडल्स की कीमत में 1500 रुपये तक की बढ़ोत्तरी की जायेगी और अलग-अलग शहरों और मॉडल्स के हिसाब से कीमत में बढ़ोत्तरी भी अलग-अलग होगी। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कंपनी बाइक्स और स्कूटर्स के कौन से मॉडल्स की कीमतों में बढ़ोत्तरी करेगी।
