Bugatti New Car: फ्रेंच कार निर्माता बुगाटी की कारों को उनके रिकॉर्ड ब्रेकिंग प्रदर्शन के लिए जाना जाता है। आज से 8 साल पहले बुगाटी ने अपनी हाइपरकार चिरॉन को लॉन्च किया था। लॉन्च होने के बाद चिरॉन ने बहुत से रिकॉर्ड भी तोड़े थे। अब एक बार फिर बुगाटी रिकॉर्ड तोड़ने के मूड में नजर आ रही है। 21 जून 2024 को बुगाटी अपनी नई कार से पर्दा उठाने वाली है। इस कार के लिए ही बुगाटी ने रिमाक ऑटोमोबिली से हाथ भी मिलाया है। अब कार को लोगों के सामने पेश करने से ऐन पहले बुगाटी ने एक टीजर वीडियो रिलीज किया है जिसमें कुछ बहुत ही खास देखने को मिल रहा है।
टीजर में क्या है खास?
बुगाटी द्वारा रिलीज किये गए टीजर में एक स्पीडोमीटर देखने को मिल रहा है। इस वीडियो में कार की स्पीड 300 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार पार जाती है और तब भी स्पीड वाली सुई आगे बढ़ती रहती है। हालांकि मीटर पर 300 किलोमीटर प्रतिघंटे के बाद स्पीड देखने को नहीं मिलती लेकिन माना जा रहा है कि बुगाटी की नई कार 500 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार हासिल करने की क्षमता से लैस होगी।
हाइब्रिड होगी नई बुगाटी
बुगाटी रिमाक के CEO मेट रिमाक ने इस बात पर मोहर लगा दी है कि बुगाटी की इस नई कार में हाइब्रिड पावरट्रेन देखने को मिलेगी। कार में W16 के बजाय V16 इंजन का इस्तेमाल किया जाएगा और इस इंजन के साथ ही कार में तीन इलेक्ट्रिक मोटर्स भी मौजूद होंगी। इन मोटर्स को 25 kWh की एक बैटरी से ताकत प्रदान की जायेगी। रिमाक ने इस बात को भी साफ़ कर दिया था कि कार में एक प्योर इलेक्ट्रिक मोड भी होगा और जरूरत पड़ने पर कार सिर्फ इलेक्ट्रिक पावर से भी चल पाएगी।
