ऑटो न्यूज़

त्योहारी सीजन से पहले बजाज का मुनाफा बढ़ा, आगे भी बिक्री में जोरदार इजाफे की उम्मीद

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Oct 18, 2023, 07:02 PM IST

Bajaj Auto ने पिछली तिमाही में 2,020 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया है जो पिछले साल इसी तिमाही की तुलना में 17.51 प्रतिशत ज्यादा है। आने वाली तिमाही में त्योहारी सीजन के चलते इस मुनाफे में और भी इजाफा होने की उम्मीद है।

Image

पुणे आधारित इस कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1,719 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

KEY HIGHLIGHTS
  • बजाज ऑटो का नेट प्रॉफिट 2,020 करोड़
  • पिछली साल इसी तिमाही के मुकाबले बढ़ा
  • अगली तिमाही में ज्यादा लाभ की उम्मीद

Bajaj Auto Net Profit: दोपहिया वाहन कंपनी बजाज ऑटो का चालू वित्त वर्ष की सितंबर में समाप्त दूसरी तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 17.51 प्रतिशत बढ़कर 2,020 करोड़ रुपये रहा है। पुणे आधारित इस कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1,719 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने बुधवार को कहा कि बीती तिमाही के दौरान उसकी कुल आय बढ़कर 11,207 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 10,537 करोड़ रुपये थी।

कितनी बढ़ी बिक्री

हालांकि समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की वाहन बिक्री आठ प्रतिशत घटकर 10,53,953 इकाई रह गई। एक साल पहले की समान तिमाही में बजाज ऑटो ने 11,51,012 इकाइयों की बिक्री की थी। बीएसई पर कंपनी का शेयर मामूली बढ़त के साथ 5,143.80 रुपये पर बंद हुआ। गौरतलब है कि अक्टूबर के अंत से लेकर अगले पूरे महीने और साल के अंत तक वाहनों की बिक्री में बड़ा इजाफा होने वाला है। त्योहारों का सीजन यानी अगली तिमाही में भी बजाज ऑटो के नेट प्रॉफिट में बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

हाल में लॉन्च की बाइक

बजाज ऑटो ने भारत में नई पल्सर रेंज को और भी व्यापक बना दिया है। नई पल्सर एन150 हाल में लॉन्च की है जो बिल्कुल नए अंदाज में पेश की गई है। नई बाइक की एक्सशोरूम कीमत 1.17 लाख रुपये रखी गई है। पल्सर 150 और पी150 के बीद ये बजाज की तीसरी 150 सीसी बाइक है। कंपनी ने इस बाइक को सिंगल वेरिएंट में लॉन्च किया है और ये तीन रंगों में उपलब्ध कराई गई है। बता दें कि स्टाइल और डिजाइन के मामले में नई बाइक अपनी दमदार फैमिली मेंबर पल्सर एन160 जैसी ही नजर आ रही है, कुल मिलाकर देखें तो डॉमिनार का बेबी इन्हें कहा जा सकता है।

फीचर्स में जोरदार बाइक

नई बजाज पल्सर 150 को पैनी लाइन्स मिली है और एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप भी इसे दिया गया है। इसके बाद फ्यूल टैंक को जोरदार डिजाइन देने के साथ एक्सटेंशन दिए गए हैं। नई बाइक के हेडलैंप को एलईडी पायलेट लैंस मिले हैं और यहां एलईडी टेललैंप भी ग्राहकों को मिल रहा है। साइड स्टैंड इंजन कट ऑफ सेंसर, सिंगल चैनल एबीएस और यूएसबी चार्जिंग पोर्ट बाइक को मिला है। इसके अलावा बहुत सारे फीचर्स नई बाइक को मिले हैं जिनमें से ज्यादातर एन160 से लिए गए हैं।

कितना दमदार है इंजन

नई पल्सर एन150 को 149.68 सीसी का सिंगल-पॉट एयर-कूल्ड इंजन दिया गया हैं जो काफी फुर्तीला है। ये इंजन 8,500 आरपीएम पर 14.3 बीएचपी ताकत और 6,000 आरपीएम पर 13.5 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। इसके साथ 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। नई बाइक के अगले और पिछले हिस्से में क्रमशः 31 मिमी टेलिस्कोपिक फोर्क्स और मोनोशॉक सस्पेंशन दिए गए है। इसके बाद दोनों पहिये 17-इंच के हैं और अगले हिस्से में 260 मिमी डिस्क ब्रेक के साथ पिछले हिस्से में 130 मिमी ड्रक ब्रेक दिया गया है।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article