2025 Kia Seltos Spied In India: किआ इंडिया की सेल्टोस एसयूवी को बहुत पसंद किया जाता है और अब कंपनी इस एसयूवी की दूसरी जनरेशन लॉन्च करने वाली है। 2019 में लॉन्च हुई सेल्टोस के न्यू जनरेशन मॉडल को टेस्टिंग के दौरान भारत में पहली बार देखा गया है। कार की रूपरेखा और आकार पहले जैसे ही होने की संभावना है, वहीं इसके स्टाइल और डिजाइन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसके साथ पेट्रोल हाइब्रिड इंजन भी मिल सकता है। हाल में टेस्टिंग करती दिखी कार पूरी तरह स्टिकर्स से ढंकी हुई थी, लेकिन इसके नए हेडलैंप और टेललैंप फिर भी साफ नजर आए हैं।
नए में क्या-क्या मिलेगा
नई जनरेशन किआ सेल्टोस के साथ चौकोर शेप के हेडलैंप्स और एलईडी डेटाइम रनिंग लाइट्स दिखे हैं। इसकी अगली ग्रिल चौकोर सी नजर आ रही है जो आड़ी पट्टियों से लैस होगी। फिलहाल ये एसयूवी प्रोडक्शन के नजदीक दिख रही है, यानी आगे इसमें कुछ बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं। कंपनी ने अब तक नई सेल्टोस के इंजन पर कोई भी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है, लेकिन हमारा मानना है कि यहां कई ईंधन विकल्प यानी टर्बो पेट्रोल, टर्बो डीजल और पेट्रोल हाइब्रिड मिल सकते हैं। हाइब्रिड विकल्प लॉन्च के कुछ समय बाद दिया जा सकता है।
कब तक लॉन्च होगी कार
किआ सेल्टोस की दूसरी पीढ़ी के साथ हाइब्रिड इंजन भारतीय मार्केट में भी आ सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आया है कि 2025 के मध्य में किआ इंडिया नई सेल्टोस की बिक्री शुरू कर सकती है। भारत में ह्यून्दे क्रेटा के मुकाबले में आ रही इस कार की बिक्री अगली दिवाली तक शुरू हो सकती है। बता दें कि नई जनरेशन सेल्टोस से पहले किआ भारत में करीब 3 नए मॉडल्स पेश करने वाली है। इनमें बिल्कुल नई कॉम्पैक्ट एसयूवी, किआ कारेंस फेसलिफ्ट और कारेंस ईवी लॉन्च करने वाली है। कंपनी इन्हें 2025 के मध्य में कहीं लॉन्च कर सकती है।
