2023 Honda CB300R: होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने 2023 मॉडल नई CB300R बाइक भारत में लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इस नई कैफे रेसर मोटरसाइकिल की एक्सशोरूम कीमत 2.4 लाख रुपये रखी है जो पुराने मॉडल के मुकाबले 37,000 रुपये कम है। जानकारी के लिए बता दें कि इसके पिछले मॉडल की एक्सशोरूम कीमत 2.77 लाख रुपये थी, हालांकि मुकाबले के लिहाज से अब भी ये कीमत कुछ ज्यादा है। होंडा टू-व्हीलर्स ने अब तक इस बाइक की कीमत घटाने के पीछे की वजह नहीं बताई है, लेकिन हमारा मानना है कि त्योहारी सन में बेहतर बिक्री के लिए ये कदम उठाया गया है।
क्या-क्या बदलाव हुए
नई मोटरसाइकिल के साथ कंपनी ने पहले जैसा 286 सीसी सिंगल-सिलेंडर लिक्विड कूल्ड इंजन दिया है। ये इंजन 30.7 बीएचपी ताकत और 27.5 एनएम पीक टॉर्क बनाता है और ये 6-स्पीड गियरबॉक्स के अलावा असिस्ट और स्लिपर क्लच से लैस है। इस फुर्तीली बाइक का वजन सिर्फ 146 किग्रा है और इस श्रेणी की ये सबसे हल्की मोटरसाइकिल है। 2023 होंडा CB300R के अगले हिस्से में जहां 41 मिमी ब्रोन्ज यूएसडी फोर्क्स मिले हैं, वहीं पिछले हिस्से में अडजस्टेबल मोनोशॉक अब्सॉर्बर मिला है।
त्योहारों का सीजन
भारतीय ऑटोमोबाइल मार्केट में दशहरे से दिवाली तक वाहनों की बंपर बिक्री होती है जिसमें वाहन निर्माताओं की चांदी हो जाती है। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने भी संभावित रूप से इसी राह पर चलते हुए सीजन में कुछ फायदा उठाने के लिए बाइक की कीमत घटाई है। हालांकि बहुत ज्यादा बदलाव भी नई कैफे रेसर में देखने को नहीं मिले हैं, यहां पहले की तरह ब्रेक्स, अलॉय व्हील्स का डिजाइन मिले हैं। इसके अलावा मोटरसाइकिल के में डुअल चैनल एबीएस, गोल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और पूरी तरह एलईडी लाइटिंग जैसे फीचर्स भी पहले वाले ही हैं।
