2023 Hero Xtreme 200S 4V: हीरो मोटोकॉर्प ने भारत में नई एक्सट्रीम 200एस 4वी लॉन्च कर दी है जिसकी एक्सशोरूम कीमत 1.41 लाख रुपये तय की गई है। इस नई मोटरसाइकिल को हालिया लॉन्च एक्सट्रीम 160आर 4वी की तर्ज पर फोर-वाल्व तकनीक दी गई है। ये नई तकनीक फुल फेयर्ड इस मोटरसाइकिल को ज्यादा ताकत के साथ पहले से बढ़े हुए फीचर्स भी देती है। बाइक का नया फोर-वाल्व वर्जन मार्केट में बिक रहे मौजूदा मॉडल के मुकाबले 6,000 रुपये महंगा है। लुक और स्टाइल के मामले में नई एक्सट्रीम 200एस 4वी पहले जैसी ही है।
कितना दमदार है इंजन
नई हीरो एक्सट्रीम 200एस 4वी के साथ 200 सीसी का अपडेटेड 4-वाल्व सिंगल-सिलेंडर, ऑयल कूल्ड इंजन दिया गया है। फ्यूल इंजेक्टेड तकनीक वाला ये इंजन 18.8 बीएचपी ताकत और 17.35 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। पिछले मॉडल के मुकाबले नई एक्सट्रीम 200एस 4वी का इंजन 6 प्रतिशत ज्यादा पावर और 5 प्रतिशत ज्यादा टॉर्क बनाता है। कंपनी ने इस इंजन को 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया है। कुल मिलाकर नई बाइक ना सिर्फ पहले से ज्यादा दमदार, बल्कि फुर्तीली भी हो गई है।
जरूरतों के हिसाब से बनी
इस बाइक के बारे में बात करते हुए हीरो मोटोकॉर्प में इंडिया बीयू के चीफ बिजनेस ऑफिसर रंजीवजीत सिंह ने कहा, “प्रीमियम स्पोर्ट्स सेगमेंट में हीरो एक्सट्रीम 200एस हमारे फोकस को दर्शाती है। बाइक चलाने का शौक रखने वालों के लिए हीरो एक्सट्रीम 200एस 4वी एक मास्टरपीस है और शहरी के साथ स्पोर्टी परफॉर्मेंस सटीक फॉर्म में मिलता है। हमने ऐडवेंचर, टूरिंग और स्ट्रीटफाइटर सेगमेंट में अपने प्रीमियम प्रोडक्ट्स के लिए व्यापक नीति बनाई है जिसे ग्राहकों की जोरदार प्रतिक्रिया मिल रही है।”
