लाइव टीवी

मारा गया अबु बकर अल बगदादी, डोनाल्ड ट्रंप बोले- मारे जाने से पहले चीख रहा था IS सरगना

Updated Oct 27, 2019 | 20:52 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Abu Bakr al Baghdadi dead : आईएसआईएस का सरगना अबु बकर अल बगदादी अमेरिकी हमले में मारा गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बगदादी के मारे जाने की पुष्टि की है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
अमेरिकी हमले में मारा गया अबु बकर अल बगदादी। (फाइल फोटो)
मुख्य बातें
  • अमेरिकी राष्ट्रपति ने की बगदादी के मारे जाने की पुष्टि, सुरंग में छिपा था बगदादी
  • बगदादी के साथ उसके कई सहयोगियों एवं उसके तीन बच्चों के मारे जाने की खबर
  • दुनिया के सबसे खूंखार आतंकवादी संगठन आईएसआईएस का सरगना था बगदादी

नई दिल्ली : करीब पांच वर्षों से अधिक समय तक सीरिया में आतंक का पर्याय बना आईएसआईएस का सरगना अबु बकर बगदादी मारा गया है। अमेरिका के इस हमले में बगदादी के कई सहयोगी सहित कई आतंकवादी मारे गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बगदादी के मारे जाने की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि हमले के वक्त बगदादी एक सुरंग में छिपा हुआ था। बगदादी के मारे जाने की रिपोर्टें पहले भी आ चुकी हैं लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान आधिकारिक तौर पर उसके मारे जाने की पुष्टि करता है। बताया जा रहा है कि इस हमले में बगदादी के तीन बच्चे भी मारे गए हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'पिछली रात अमेरिका ने दुनिया के सबसे खूंखार आतंकवादी सरगना का अंत कर दिया। अबु बकर अल-बगदादी मारा गया है। बगदादी दुनिया के सबसे खूंखार एवं हिंसक आतंकवादी संगठन आईएसआईएस का सरगना एवं संस्थापक था।' ट्रंप ने कहा, 'बगदादी सुरंग में मारे जाने से पहले चिल्ला, रो और बड़बड़ा रहा था। सुरंग में बगदादी और उसके तीन बच्चे थे।'


मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक अमेरिका के विशेष कमांडो ने शनिवार को सीरिया के उत्तरीपश्चिमी इलाके इबलिब प्रांत में बगदादी के ठिकानों के खिलाफ जोखिम भरा अभियान चलाया। 

अमेरिकी रक्षा मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों ने रविवार को कहा कि आईएस आतंकवादी के मारे जाने की पुष्टि उसकी डीएनए एवं बॉयोमीट्रिक जांच के बाद की जाएगी। गत अप्रैल में श्रीलंका में हुए आत्मघाती हमलों के बाद बगदादी कई प्रोपगैंडा वीडियो में कथित रूप से नजर आया था। 

इससे पहले न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में कहा गया कि समझा जाता है कि अमेरिकी बलों से घिर जाने के बाद बगदादी ने खुद को बम से उड़ा लिया।