BJP जहां सत्ता में नहीं होती है वहां 3 जमाई ED, CBI, IT को भेजती है, बोले डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 24, 2022, 05:22 PM IST

आरजेडी के कई नेताओं पर सीबीआई ने छापे मारे। गुरुग्राम में एक निर्माणाधीन मॉल पर भी छापे मारे गए। इसे तेजस्वी यादव का मॉल बताया जा रहा है। इस पर तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा में कहा कि यह मॉल मेरा नहीं है, इसका उद्घाटन बीजेपी सांसद ने किया था। 

google

पटना: केंद्रीय रेल मंत्री के रूप में लालू प्रसाद के कार्यकाल के दौरान हुए जमीन के बदले नौकरी से जुड़े कथित घोटाले के मामले में सीबीआई ने गुरुग्राम स्थित एक निर्माणाधीन मॉल अर्बन क्यूब्स समेत 25 स्थानों पर बुधवार को छापे मारे। ऐसा माना जाता है कि बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के मालिकाना हक वाली एक कंपनी इस मॉल का निर्माण कर रही है। इसके अलावे दिल्ली, गुरुग्राम, पटना, मधुबनी और कटिहार समेत अन्य जगहों पर सीबीआई छापेमारी कर रही है। दूसरी ओर नीतीश सरकार आज बिहार विधानसभा में अपना बहुमत साबित किया। हाल ही में जदयू ने बीजेपी से नाता तोड़कर आरजेडी, कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों के साथ मिलकर महागठबंधन की सरकार बनाई। अपने ऊपर हो रहे सीबीआई के छापे को लेकर आरजेडी नेता और डिप्टी सीएम तेजस्वी ने बिहार विधानसभा में कहा कि भाजपा जहां कहीं सत्ता में नहीं है, वहां वह अपने तीन जमाई ईडी, सीबीआई और आईटी को भेजती है। उन्होंने कहा कि सीबीआई ने गुरुग्राम के जिस मॉल पर छापेमारी की है, वह मेरा नहीं है, इसका उद्घाटन भाजपा सांसद ने किया था। 

BJP जहां सत्ता में नहीं होती है वहां 3 जमाई ED, CBI, IT को भेजती है, बोले डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव
Photo Credit: ANI

विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान  तेजस्वीर यादव ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह समाजवादी विचारधारा को समाप्त करने के प्रयास के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी को तोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मेरा पिता लालू प्रसाद, मां राबड़ी देवी, मेरी बहनें और मैं, हम सभी समाजवादी विचारधारा के प्रति समर्पण की कीमत चुका रहे हैं। मुख्यमंत्री और मेरी विचारधारा समान है। हम समाजवादियों ने जो बोया है उसे बीजेपी नहीं काट सकती।

राजद के संभावित उत्तराधिकारी ने मीडिया के कुछ धड़ों को लेकर भी निराशा जताई और कहा कि उन लोगों ने बिना किसी आधार के कहा कि गुरुग्राम में एक मॉल पर सीबीआई ने छापा मारा है, वह मॉल उनका (तेजस्वी) है। उन्होंने कहा कि इन मीडिया संस्थानों को कुछ पड़ताल करनी चाहिए। यह (मॉल) हरियाणा के किसी व्यक्ति का है और इसका उद्घाटन भाजपा के सांसद ने किया था।

End of Feed