हनुमान चालीसा के मुद्दे पर मुंबई में हाई वोल्टेज ड्रामा जारी है। मातोश्री के बाहर अमरावती से सांसद नवनीत राणा अड़ी हैं तो शिवसैनिकों का मातोश्री के बाहर जमावड़ा है। यहीं नहीं शिवसैनिक, नवनीत राणा के घर भी डेरा डाले हुए हैं। दोनों तरफ से तनातनी है। इन सबके बीच अब शिवसेना के कद्दावर नेता भी बयान दे रहे हैं। शिवसेना की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने नवनीत राणा को ढोंगी भक्त करार दिया तो संजय राउत ने भी कहा भी वो लोग किसी से डरने वाले नहीं हैं।
राष्ट्रपति शासन की धमकी ना दें
संजय राउत ने कहा कि अगर बाहर से कोई कहेगा कि शिव सैनिक शांत बैठेंगे और 'मातोश्री' पर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे? यदि आप हमारे आवास पर आने का प्रयास करते हैं तो हमें भी उसी भाषा में उत्तर देने का अधिकार है। हमें यहां राष्ट्रपति शासन लगाने की धमकी न दें।अमरावती की सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा ने शुक्रवार को कहा कि वे मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आवास के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इस पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि उनकी पार्टी से भिड़ना दंपत्ति के लिए महंगा साबित होगा।

