- नागरिकता संशोधन बिल 2019 आज राज्यसभा में पेश किया जाएगा
- लोकसभा में सोमवार को 80 के मुकाबले 311 मतों से पास हो गया है
- कानून बनने के बाद अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से धार्मिक प्रताड़ना के कारण भारत आए हिन्दू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई समुदायों के लोगों को भारतीय नागरिकता मिल जाएगी
नई दिल्ली : सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को बीजेपी संसदीय दल की बैठक में नागरिकता संशोधन बिल विपक्ष के रूख पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी पार्टियां पाकिस्तान की भाषा बोल रही हैं और पार्टी सांसदों को इससे जनता को अवगत कराना चाहिए। साथ ही सूत्रों ने बताया कि बीजेपी संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले छह महीने में सरकार ने जम्मू कश्मीर के विशेष दर्जा संबंधी प्रावधानों को समाप्त करने, अर्थव्यवस्था की मजबूती, किसानों समेत कई क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य किए हैं और पार्टी सांसद इन कार्यों को जनता के बीच ले जाएं।
बीजेपी संसदीय दल की बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने बताया कि पीएम मोदी ने कहा नागरिकता संशोधन बिल एक ऐतिहासिक बिल है। नागरिकता संशोधन विधेयक को आज दोपहर 12 बजे राज्यसभा में पेश किया जाएगा और इसे सदन में बहुमत के साथ पारित किया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि धर्म के आधार पर सताए गए लोगों के लिए नागरिकता संशोधन बिल को गोल्डन अक्षरों में लिखा जाएगा।
साथ ही पीएम ने पार्टी सांसदों से कहा कि वे आगामी बजट के बारे में समाज के विभिन्न वर्गो की राय लें और इसके बारे में वित्त मंत्री को बताएं।पीएम ने कहा कि सभी सांसदों से अपने-अपने चुनाव क्षेत्रों में किसानों, व्यापारियों और बिजनेमैन के सुझाव लेकर वित्त मंत्री को फीडबैक देने को कहा है।
गौर हो कि लोकसभा में सोमवार को नागरिकता संशोधन बिल 80 के मुकाबले 311 मतों से पास हो गया। इस बिल के कानून बनने के बाद अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से धार्मिक प्रताड़ना के कारण भारत आए हिन्दू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई समुदायों के लोगों को भारतीय नागरिकता मिल जाएगी। अगर वह भारत में नागरिकता लेना चाहते हैं।