- नागरिक संशोधन विधेयक के विरोध में 'रेल रोको' के बाद रेल यातायात प्रभावित
- असम के तिनसुकिया डिवीजन में 8 ट्रेनें रद्द, 8 को किया गया शॉर्ट टर्मिनेट
- 311 मतों के साथ लोकसभा में पारित हुआ है बिल, राज्यसभा में होगा पेश
नई दिल्ली: असम में मंगलवार को नागरिकता (संशोधन) विधेयक के खिलाफ हिंसा भड़कने के बाद भारतीय रेलवे ने तिनसुकिया डिवीजन में कई संगठनों और संघों की ओर से अनिश्चितकालीन 'रेल रोको' के कारण आठ ट्रेनों को रद्द कर दिया है और साथ ही आठ अन्य को शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया है। पूर्वोत्तर राज्य में सोमवार रात संसद में पारित बिल को लेकर विरोध देखने को मिल रहा है।
नागरिकता (संशोधन) विधेयक को संसद के निचले सदन लोकसभा में 311 मतों के साथ पारित किया गया था और 80 सदस्यों ने इसके खिलाफ वोट किया। इस बिल के तहत तीन पड़ोसी देशों अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान के हिंदुओं, सिखों, ईसाइयों, पारसियों, बौद्धों, जैन को भारतीय नागरिकता मिल सकेगी।
प्रस्तावित कानून के अनुसार, गैर-मुस्लिम प्रवासी जो अपने संबंधित देशों से भाग गए और 31 दिसंबर 2014 से पहले धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत आए उन्हें भारतीय नागरिकता दी जाएगी। विधेयक राज्यसभा में आज मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा।
विधेयक लोकसभा में पास होने के कुछ घंटे बाद प्रदर्शनकारियों ने असम में बड़ी संख्या में सड़कों पर प्रदर्शन किया और कुछ जगहों पर उन्होंने टायर भी जलाए।
असम की राजधानी गुवाहाटी, जोरहाट, डिब्रूगढ़, पाठशाला और लखीमपुर के कुछ इलाकों में पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़पें हुईं। असम के वित्त मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के कार्बी आंगलोंग जिले के दीफू मेडिकल कॉलेज का दौरा करने के दौरान कथित तौर पर उन्हें ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन के सदस्यों की ओर से काले झंडे दिखाए गए थे।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर, कई दुकानों, बाजारों और वित्तीय संस्थानों बंद हैं, जबकि धेमाजी, लखीमपुर, तिनसुकिया, डिब्रूगढ़, शिवसागर, जोरहाट, माजुली, मोरीगांव, बोंगाईगांव, उदलगुरी, कोकराझार और बक्सा जिले के स्कूलों और कॉलेजों को भी बंद कर दिया गया था।