कृषि

Onion: कीमतें होंगी कम, 720 टन प्याज की 5वीं खेप कल पहुंच रही है दिल्ली, बिकेगा इस रेट में

Onion Prices: केंद्र सरकार प्याज की कीमतों पर लगाम लगाने के लिए पूरा प्रयास कर रही है। इसको लेकर रेलवे के जरिये महाराष्ट्र से दिल्ली तक बफर प्याज पहुंचा जा रहा है। 720 टन प्याज की पांचवीं खेप आज पहुंच रही है। इसे 35 रुपये प्रति किलो के दर से बेचा जाएगा।

Image

बफर स्टॉक प्याज लाया जा रहा है दिल्ली

Photo : iStock

Onion Prices: केंद्र ने मंगलवार को कहा कि कीमतों को काबू में करने के लिए बाजार हस्तक्षेप के तहत 720 टन बफर प्याज की 5वीं खेप 21 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी पहुंच रही है। यह पिछले महीने शुरू की गई सरकार की पहल का एक हिस्सा है, जिसके तहत रेलवे के जरिये पहली बार महाराष्ट्र से दिल्ली तक बफर प्याज पहुंचाया जाएगा। अबतक 4,010 टन प्याज 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खुदरा बिक्री के लिए भेजा जा चुका है।

एक सरकारी बयान के अनुसार, 720 टन की एक और खेप, जो इस सीरीज की 5वीं खेप है, सोमवार नासिक से रवाना हुई है और इसके 21 नवंबर तक दिल्ली पहुंचने की संभावना है।

17 नवंबर को पहुंचने वाली 840 टन की चौथी खेप में से सरकार ने दिल्ली-एनसीआर में खुदरा बिक्री के लिए मदर डेयरी को 500 टन, एनसीसीएफ को 190 टन और नाफेड को 150 टन प्याज आवंटित किया है।

सरकार ने कहा कि थोक आवक ने दिल्ली में थोक और खुदरा दोनों स्तर पर प्याज की कीमतों को काफी प्रभावित किया है। दिल्ली के अलावा, अन्य शहरों में भी इसी तरह की पहल चल रही है।

सरकार ने हाल ही में चेन्नई और गुवाहाटी को 840-840 टन प्याज भेजा है। इस सप्ताह गुवाहाटी को 840 टन और भेजने की योजना है, जबकि लखनऊ को 2-3 दिनों में इतनी ही मात्रा मिलेगी।

त्योहारी मौसम और मंडी बंद होने के दौरान कुछ बाजारों में आपूर्ति की कमी के बाद केंद्र ने प्याज आपूर्ति बढ़ाने का फैसला किया है।

सहकारी संस्था, नाफेड ने इस सप्ताह दिल्ली-एनसीआर के लिए दो अतिरिक्त रेल-रैक और गुवाहाटी के लिए एक रैक का अनुरोध किया है। सहकारी एनसीसीएफ ने आने वाले सप्ताह में एक और रैक तैनात करने की योजना बनाई है, जबकि सड़क परिवहन को बढ़ाया जा रहा है।

सरकार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली की आपूर्ति के लिए सोनीपत कोल्ड स्टोरेज से भी प्याज जारी करेगी। इस साल बनाए गए 4.7 लाख टन बफर स्टॉक में से सरकार पहले ही 1.50 लाख टन की आपूर्ति कर चुकी है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article