कृषि

2027 में भारत के इस शहर में होगा विश्व डेयरी समिट, दुनिया भर के 1500 प्रतिनिधि होंगे शामिल

World Dairy Summit: भारत अगले साल नवंबर में अंतरराष्ट्रीय डेयरी महासंघ (IDF) के विश्व डेयरी शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। यह आयोजन मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होगा। सम्मेलन में दुनिया भर से लगभग 1,500 प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिनमें नीति-निर्माता, डेयरी किसान, सहकारी समितियां, प्रसंस्करण इकाइयां, शोधकर्ता और तकनीकी विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।

Image

भारत में 2027 में होगा विश्व डेयरी शिखर सम्मेलन (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

World Dairy Summit: भारत अगले साल नवंबर में अंतरराष्ट्रीय डेयरी महासंघ (IDF) के विश्व डेयरी शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। यह बड़ा आयोजन मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर (JWCC) में होगा। सम्मेलन में दुनिया भर से करीब 1,500 प्रतिनिधि शामिल होंगे। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) ने इस बारे में बताया कि यह सम्मेलन भारतीय राष्ट्रीय समिति-IDF के तहत आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन डेयरी क्षेत्र में नई तकनीक, नीति और नवाचार पर चर्चा करने का एक बड़ा मंच होगा। इसमें नीति-निर्माता, डेयरी किसान, सहकारी समितियां, प्रसंस्करण इकाइयां, शोधकर्ता, वित्तीय संस्थान, स्टार्टअप और तकनीकी प्रदाता भाग लेंगे। NDDB के अध्यक्ष मीनैश शाह और IDF के महानिदेशक लॉरेंस राइकेन ने भारत में वर्ष 2027 का शिखर सम्मेलन आयोजित करने के समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस मौके पर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान भी मौजूद थे। समझौता भारतीय डेयरी संघ के 52वें डेयरी उद्योग सम्मेलन के दौरान हुआ।

सम्मेलन में क्या होगा

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक विश्व डेयरी शिखर सम्मेलन में डेयरी उद्योग के विशेषज्ञ अपने अनुभव और ज्ञान साझा करेंगे। इसमें डेयरी उत्पादन की नई तकनीक, दूध और डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता, सहकारी समितियों का विकास और स्टार्टअप्स के लिए अवसरों पर चर्चा होगी। साथ ही, वित्तीय संस्थान और तकनीकी प्रदाता भी डेयरी क्षेत्र में निवेश और नवाचार के बारे में जानकारी देंगे। यह सम्मेलन केवल उद्योग के लोगों तक सीमित नहीं होगा, बल्कि नीति-निर्माताओं और सरकार के प्रतिनिधियों के लिए भी महत्वपूर्ण होगा। इससे भारत के डेयरी क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी और नए निवेशकों और तकनीकी सहयोगियों को जोड़ने का मौका मिलेगा।

भारत की पिछली मेजबानी

भारत ने इससे पहले वर्ष 2022 में दिल्ली-एनसीआर में इस सम्मेलन की मेजबानी की थी। उस समय भी दुनिया भर से कई प्रतिनिधि शामिल हुए थे। अब मुंबई में आयोजित होने वाला यह सम्मेलन पहले से भी बड़ा और व्यापक होने की उम्मीद है।

IDF के बारे में

अंतरराष्ट्रीय डेयरी महासंघ (IDF) वर्ष 1903 में स्थापित एक अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठन है। यह संगठन लगभग 40 सदस्य देशों के साथ वैश्विक डेयरी समुदाय को एक मंच पर लाता है। IDF का उद्देश्य डेयरी उद्योग में वैश्विक सहयोग बढ़ाना और विश्व स्तर पर डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता व सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

डेयरी उद्योग के लिए अवसर

इस सम्मेलन के आयोजन से भारत के डेयरी उद्योग को कई लाभ मिलने की उम्मीद है। यह छोटे और बड़े डेयरी किसानों, सहकारी समितियों और स्टार्टअप्स के लिए नए अवसर पैदा करेगा। नए निवेश, तकनीकी नवाचार और वैश्विक बाजार से जुड़ने के मौके बढ़ेंगे। NDDB के अनुसार, यह सम्मेलन भारत को डेयरी क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व स्थापित करने का अवसर देगा। इसके साथ ही, किसानों और उद्योग जगत के बीच बेहतर सहयोग और साझेदारी को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुंबई में आयोजित होने वाला विश्व डेयरी शिखर सम्मेलन 2027 में भारत के डेयरी उद्योग के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यह केवल व्यवसायिक और तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि इससे भारत के वैश्विक स्तर पर डेयरी क्षेत्र में योगदान और पहचान को भी मजबूती मिलेगी।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article