Houthis Strike Saudi Arabia Abha Airport: ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने सऊदी अरब के अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया है। उनका दावा है कि यह हमला सऊदी अरब द्वारा सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर किए गए हवाई हमलों के जवाब में किया गया, जिनके लिए उन्होंने रियाद को जिम्मेदार ठहराया। सोमवार को हुए इन हमलों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इन्हें कई वर्षों बाद सऊदी अरब और हूतियों के बीच तनाव में सबसे बड़ा उछाल माना जा रहा है। सऊदी अधिकारियों ने यमन में हुए हवाई हमलों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
जनरल याह्या सरी ने एयरलाइंस को चेताया
हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने टेलीग्राम पर जारी वीडियो बयान में एयरलाइनों को सऊदी हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जब तक सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लगाया गया प्रतिबंध नहीं हटाया जाता, तब तक इन चेतावनियों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने पहले कहा था कि सना एयरपोर्ट पर किया गया हमला एक ईरानी विमान को उतरने से रोकने के लिए किया गया था। हूतियों ने इस हमले का बदला लेने की कसम खाई। इसे हाल के वर्षों की अपेक्षाकृत शांत स्थिति के बाद दोनों पक्षों के बीच पहली बड़ी सैन्य तनातनी माना जा रहा है।
संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता
सोमवार को हुई आपात बैठक में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अधिकारियों ने क्षेत्र में तनाव बढ़ने पर चिंता जताई। संयुक्त राष्ट्र के राजनीतिक मामलों के सहायक महासचिव खालिद खियारी ने सुरक्षा परिषद से कहा, यमन और व्यापक क्षेत्र एक और सैन्य टकराव का जोखिम नहीं उठा सकते। हम सभी पक्षों से संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में वार्ता में शामिल होने की अपील करते हैं।
सऊदी गठबंधन और हूतियों के बीच वर्षों से संघर्ष
यमन के दक्षिण में स्थित सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने वर्षों तक उत्तर में हूती विद्रोहियों के खिलाफ अभियान चलाया है। याह्या सरी ने सोमवार को टेलीग्राम पर कहा कि सऊदी अरब के हवाई हमले उस "तनाव कम होने की अवधि के अंत का संकेत हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस आक्रमण का जवाब जरूर दिया जाएगा और इसे बिना सजा के नहीं छोड़ा जाएगा। बाद में जारी एक अन्य बयान में उन्होंने कहा कि सना एयरपोर्ट पर हमला मानवीय उड़ानों को रोकने के उद्देश्य से किया गया, जिनके जरिए मरीजों और फंसे हुए लोगों को लाया और ले जाया जाता था।
2014 से जारी है यमन का गृहयुद्ध
यमन का गृहयुद्ध 2014 में शुरू हुआ, जब हूती विद्रोहियों ने राजधानी सना और उत्तरी यमन के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया और सरकार को निर्वासन में जाने के लिए मजबूर कर दिया। इसके बाद 2015 में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन, जिसमें संयुक्त अरब अमीरात (UAE) भी शामिल था, सरकार को फिर से सत्ता में लाने के उद्देश्य से सैन्य हस्तक्षेप किया। इस वर्ष की शुरुआत में सऊदी अरब और यूएई के बीच यमन युद्ध को लेकर मतभेद बढ़ गए, जिसके बाद यूएई ने यमन से अपनी सैन्य भूमिका काफी हद तक समाप्त कर ली।
सऊदी गठबंधन का दावा: बैलिस्टिक मिसाइलें मार गिराईं
यमन में वैध सरकार की बहाली के लिए बने सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के आधिकारिक प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मालिकी ने सोमवार शाम एक्स पर कहा कि वायु रक्षा प्रणाली ने दक्षिणी क्षेत्र की ओर दागी गई हूतियों की बैलिस्टिक मिसाइलों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। हालांकि उन्होंने अधिक विवरण साझा नहीं किया।
खामेनेई के अंतिम संस्कार को लेकर बढ़ा विवाद
सना एयरपोर्ट पर हमला ऐसे समय हुआ जब दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव बढ़ा हुआ था। हूतियों का आरोप है कि इस महीने की शुरुआत में सऊदी विमानों ने उनके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया ताकि एक ईरानी विमान हूती प्रतिनिधिमंडल को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में तेहरान ले जाने से रोका जा सके। यमन के रक्षा मंत्री जनरल ताहेर अल-अकीली ने एक्स पर कहा कि सोमवार को सना एयरपोर्ट के रनवे को इसलिए निशाना बनाया गया ताकि अंतिम संस्कार से लौट रहे हूती प्रतिनिधिमंडल को लेकर आने वाला ईरानी विमान वहां उतर न सके। हमले से ठीक पहले जारी वीडियो संदेश में अल-अकीली ने कहा कि यमन के हवाई क्षेत्र में ईरानी विमानों की घुसपैठ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा, अब हमारा धैर्य समाप्त हो चुका है। इस विश्वासघाती और क्रूर कार्रवाई का उचित जवाब दिया जाएगा और यमन की संप्रभुता का उल्लंघन करने वाले हर शत्रु विमान का उपलब्ध सभी साधनों से मुकाबला किया जाएगा।
विमान को होदेदा एयरपोर्ट भेजा गया
हूतियों के अनुसार, संबंधित ईरानी विमान को सना की बजाय होदेदा हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया, जहां वह सुरक्षित उतर गया। हूती नियंत्रित अल-मसीरा टीवी चैनल द्वारा जारी वीडियो में एक मिसाइल को सना एयरपोर्ट के रनवे पर गिरते और उसके बाद जोरदार विस्फोट होते हुए दिखाया गया।
यमन के सभी एयरपोर्ट बंद
दक्षिणी यमन की सरकार ने घोषणा की कि देश के सभी हवाई अड्डों को अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से बंद किया जाता है। यमन के रक्षा मंत्रालय ने एयरपोर्ट और उसके आसपास के इलाकों को खाली कराने के निर्देश भी जारी किए।
ईरान की उड़ान को अनुमति नहीं मिली
यमन की राष्ट्रपति नेतृत्व परिषद (Presidential Leadership Council) के प्रमुख रशाद अल-अलीमी ने कहा कि ईरान ने अपनी एयरलाइन महान एयर की तेहरान से सना तक उड़ान संचालित करने की अनुमति मांगी थी, ताकि हूती प्रतिनिधिमंडल को वापस लाया जा सके। परिषद ने यह अनुरोध खारिज कर दिया। बयान में कहा गया कि हूती चाहते थे कि ईरानी विमान नागरिक उड्डयन के कानूनी और संप्रभु नियमों से बाहर संचालन करे, जिसे स्वीकार नहीं किया गया।
