Bernard Arnault: दुनिया के सबसे अमीर शख्स लुइस वुइटन (Louis Vuitton LVMH) के अध्यक्ष और सीईओ बर्नार्ड अर्नाल्ट (Bernard Arnault) अपने बिजनेस के लिए उत्तराधिकारी की तलाश में हैं। वह अपने पांच बच्चों में से ही किसी को ये जिम्मेदारी सौंपना चाहते हैं। अपने मुख्यालय के एक निजी भोजन कक्ष में वो महीने में एक बार अपने पांच बच्चों के साथ दोपहर का भोजन करते हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार, लंच 90 मिनट तक चलता है और फ्रांसीसी अरबपति अपने आईपैड पर प्रमुख विषयों के साथ चर्चा शुरू करते हैं। अर्नाल्ट अपने बच्चों के साथ विशाल व्यापारिक साम्राज्य को लेकर रणनीति पर चर्चा करते हैं।
पांचों बच्चों के साथ करते हैं चर्चा
वॉल स्ट्रीट जनरल डब्ल्यूएसजे (WSJ)के अनुसार अर्नाल्ट टेबल पर अपने पांचों बच्चों से सलाह मांगते हैं। लोग कहते हैं कि 74 वर्षीय अरबपति कंपनी में विशिष्ट प्रबंधकों पर राय मांगते हैं, या यह एलवीएमएच के कई ब्रांड्स में से एक में बदलाव का समय है या नहीं। अर्नाल्ट उनका ऑडिशन लेते हैं और देखते हैं कि लग्जरी साम्राज्य पर किसका कब्जा होगा। हालांकि, इस अरबपति ने इस बात का कोई संकेत नहीं दिया है कि वह अपने उत्तराधिकारी के रूप में किसे चुनेंगे, वह सिर्फ यही कहते हैं कि योग्यता के आधार पर ही किसी को चुनेंगे।
दशकों पुरानी योजना का हिस्सा
डब्ल्यूएसजे की रिपोर्ट में कहा गया है कि ये लंच मीटिंग उनके बच्चों को तैयार करने की दशकों पुरानी योजना का हिस्सा है जो उनके बाद कंपनी की कमान संभालेंगे। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, अर्नाल्ट ने पिछले साल के अंत में टेस्ला के सीईओ एलन मस्क को संपत्ति के मामले में पीछे छोड़ दिया था और नंबर 1 पायदान हासिल किया था। इंडेक्स के मुताबिक, 19 अप्रैल को उनकी संपत्ति 208 अरब डॉलर थी। अर्नाल्ट विशाल लग्जरी ब्रांड कंपनी के लगभग आधे हिस्से के मालिक हैं। 1989 में उन्होंने LVMH में एक बड़ी हिस्सेदारी हासिल की। कंपनी के ब्रांड्स के पोर्टफोलियो में लुई वुइटन, बुलगारी, टिफनी, सेपोरा, टीएजी ह्यूअर और डोम पेरिग्नॉन शैम्पेन शामिल हैं।
बेटों को अहम पदों पर नियुक्त किया
दुनिया के सबसे अमीर शख्स ने अपने बच्चों को भी कंपनी में अहम पदों पर नियुक्त किया है। अपने बच्चों में सबसे बड़े डेल्फिन को साम्राज्य के दूसरे सबसे बड़े ब्रांड क्रिश्चियन डायर का प्रमुख बनाया है। रिपोर्ट के अनुसार, LVMH और अर्नाल्ट के परिवार की देखरेख करने वाली होल्डिंग फर्म के प्रबंधन की जिम्मेदारी छोटे भाई एंटनी को दी गई है। फ्रेडरिक अर्नाल्ट TAG Heuer के सीईओ हैं, एलेक्जेंडर अर्नाल्ट Tiffany में एक एग्जीक्यूटिव हैं और अर्नाल्ट भाई-बहनों में सबसे छोटे जीन अर्नाल्ट Louis Vuitton के घड़ी विभाग के लिए विपणन और उत्पाद विकास के प्रभारी हैं।
