दुनिया

ट्रंप ने रोकी 'सैन्य मदद' तो नरम हुआ यूक्रेन..., कहा-'अमेरिका के साथ 'शांत तरीके' से काम करना रखेंगे जारी'

US Ukrain News: यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस श्म्यहाल ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा युद्धकालीन सहायता रोके जाने के बाद कीव अमेरिका के साथ शांतिपूर्वक सहयोग करना जारी रखेगा।

Image

कीव अमेरिका के साथ शांतिपूर्वक सहयोग करना जारी रखेगा

US Ukraine News: यूक्रेन को अमेरिकी सहायता रोकने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कीव ने कहा कि वह हर संभव तरीके से वाशिंगटन के साथ शांतिपूर्वक सहयोग करना जारी रखेगा। ट्रंप ने रूस के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए वार्ता में राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की पर दबाव डालने के प्रयास में सोमवार को यूक्रेन को दी जाने वाली सहायता रोक दी।

यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस श्म्यहाल ने कहा, 'हम सभी उपलब्ध चैनलों के माध्यम से अमेरिका के साथ शांत तरीके से काम करना जारी रखेंगे।' उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अमेरिकी सैन्य सहायता यूक्रेन के लिए महत्वपूर्ण थी और इसने हजारों लोगों की जान बचाने में मदद की है।

ट्रंप ने सोमवार को यूक्रेन को दी जाने वाली अमेरिकी सहायता को 'रोक' दिया और व्हाइट हाउस ने कहा कि यह आदेश तब तक प्रभावी रहेगा जब तक ट्रंप यह निर्धारित नहीं कर लेते कि यूक्रेन ने रूस के साथ शांति वार्ता के लिए प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है।

गौर हो कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को दी जाने वाली सभी अमेरिकी सैन्य सहायता की आपूर्ति को तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।ट्रंप का यह निर्णय अमेरिका के राष्ट्रपति के कार्यालय 'ओवल ऑफिस' में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ एक अभूतपूर्व टकराव के बाद सामने आया है। 'न्यूयॉर्क टाइम्स' की एक खबर में एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि ट्रंप ने यूक्रेन को सभी अमेरिकी सैन्य सहायता की आपूर्ति को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है और यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है जिससे 'एक अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के हथियार और गोला-बारूद' की आपूर्ति प्रभावित होगी।

खबर में कहा गया है कि सैन्य सहायता रोकने का ट्रंप का निर्णय अमेरिकी नेता और उनके राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित वरिष्ठ सहयोगियों के बीच व्हाइट हाउस (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में 'कई बैठकों' के बाद लिया गया।अधिकारी ने कहा कि 'यह आदेश तब तक प्रभावी रहेगा जब तक' ट्रंप यह निर्धारित नहीं कर लेते कि यूक्रेन ने रूस के साथ शांति वार्ता के लिए प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है।

आदेश में 'यूक्रेन सुरक्षा सहायता पहल के माध्यम से सैकड़ों करोड़ अमेरिकी डॉलर की सहायता पर भी रोक लगा दी गई है। इस पहले के माध्यम से धन प्रदान किया जाता है और यूक्रेन इसका इस्तेमाल केवल अमेरिकी रक्षा कंपनियों से सीधे नए सैन्य हार्डवेयर खरीदने के लिए कर सकता है।'

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार, 24 फरवरी 2022 को रूस द्वारा यूक्रेन पर पूर्व नियोजित आक्रमण शुरू करने के बाद से अमेरिका अब तक 65.9 अरब अमेरिकी डॉलर की सैन्य सहायता प्रदान कर चुका है और 2014 में रूस के यूक्रेन पर शुरुआती आक्रमण के बाद से लगभग 69.2 अरब अमेरिकी डॉलर की सैन्य सहायता प्रदान की गई है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article