Uganda-Turkey News: युगांडा के सेना प्रमुख, जनरल मुहूजी काइनेरुगाबा ने तुर्की से दो चीजों की मांग की है। काइनेरुगाबा की पहली मांग है 1 अरब डॉलर, जो सोमालिया में इस्लामी आतंकवादियों से लड़ने में युगांडा के लंबे समय से चले आ रहे सैन्य योगदान के लिए है। दूसरी मांग, जो कि बेहद हैरान करने वाली है, वो ये युगांडा के सेना प्रमुख को तुर्की से उनके देश की सबसे खूबसूरत महिला चाहिए। काइनेरुगाबा ने कहा कि उस सबसे खूबसूरत महिला को मेरीपत्नी बनाकर दो
हालांकि काइनेरुगाबा की इस मांग पर काफी आलोचना हो रही है, लेकिन यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने ऐसी कोई अजीब और हैरानी भरी मांग की हो। 2022 में काइनेरुगाबा ने इटली की प्रधानमंत्री, जियोर्जिया मेलोनी से शादी करने के बदले में इटली को 100 गायें देने की पेशकश की थी। अब, वर्षों बाद, युगांडा के काइनेरुगाबा ने सबसे खूबसूरत तुर्की महिला को अपनी पत्नी बनाने की मांग की है।
युगांडा के सेना प्रमुख की तुर्की को धमकी
जनरल मुहूजी काइनेरुगाबा ने कहा कि यदि अंकारा 30 दिनों के भीतर निर्देशों का पालन करने में विफल रहता है, तो उसे गंभीर कूटनीतिक परिणाम झेलने पड़ेंगे। इसमें काइनेरुगाबा ने चेतावनी दी कि युगांडा की राजधानी कंपाला में तुर्की के दूतावास को बंद कर दिया जाएगा।
युगांडा के आर्मी चीफ को चाहिए एक तुर्की पत्नी, क्यों?
युगांडा के आर्मी चीफ, जनरल मुहूजी काइनेरुगाबा देश के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी के बेटे हैं।शनिवार (11 अप्रैल) को X पर पोस्ट की एक सीरीज में, युगांडा के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज काइनेरुगाबा ने तुर्की पर आरोप लगाया कि वह सोमालिया में इंफ्रास्ट्रक्चर डील्स से, साथ ही देश की राजधानी मोगादिशु में बंदरगाह और हवाई अड्डे के ऑपरेशन्स से मुनाफा कमा रहा है; जबकि युगांडा को अफ्रीकी यूनियन मिशन्स के जरिए लगभग दो दशकों तक अल-कायदा से जुड़े इस्लामी आतंकी संगठन अल-शबाब के आतंकवादियों से लड़ने का भारी सुरक्षा बोझ उठाना पड़ा।
उन्होंने तुर्की से 'सुरक्षा लाभांश' (security dividend) के तौर पर 1 अरब डॉलर की मांग की, और साथ ही इसके ऊपर एक निजी शादी की गुजारिश भी जोड़ दी। X पर काइनेरुगाबा की एक पोस्ट में लिखा था, 'तुर्की से मिलने वाले 1 अरब डॉलर के अलावा, मुझे उस देश की सबसे खूबसूरत महिला अपनी पत्नी के तौर पर चाहिए!'
काइनेरुगाबा ने चेतावनी दी कि अगर बात नहीं मानी गई, तो कंपाला तुर्की एयरलाइंस को अपने हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने से रोक देगा और अंकारा के साथ सभी राजनयिक संबंध खत्म कर देगा। उन्होंने X पर लिखा, 'तुर्की के लिए यह बहुत सीधा-सादा मामला है... या तो वे हमें पैसे दें, या मैं यहां उनका दूतावास बंद कर दूंगा। वे भी जवाब में तुर्की में हमारा दूतावास बंद कर सकते हैं। कोई दिक्कत नहीं।'
उन्होंने चेतावनी दी, 'अगर तुर्की हमारी समस्याओं का समाधान नहीं करता है, तो हम 30 दिनों के भीतर अपने राजनयिक संबंध तोड़ देंगे।'
काइनेरुगाबा ने तुर्की के साथ युगांडा के संबंधों को गंभीर बताया और कहा, 'ट्विटर पर होने वाले खेल-तमाशों को भूल जाइए। हम बहुत जल्द उनके साथ अपने राजनयिक संबंध खत्म कर देंगे। आखिर ऐसे दोस्त की किसे जरूरत है जो पीठ में छुरा घोंपता रहे?'
उन्होंने सभी युगांडावासियों को यह सलाह भी दी कि तुर्की की यात्रा करने से बचें। यह आपकी अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी है।
कंपाला की पीठ में छुरा घोंपने के लिए अंकारा पर भड़कने के साथ-साथ, काइनेरुगाबा ने इस मौके का फायदा उठाते हुए इजरायल के प्रति अपने समर्थन की भी घोषणा की। उन्होंने कहा, 'मैं पवित्र भूमि यानी हमारे ईश्वर, ईसा मसीह की धरती की रक्षा के लिए, अपनी कमान में 1,00,000 युगांडा के सैनिकों को इजरायल भेजने के लिए तैयार हूं।'
युगांडा के सेना प्रमुख कैसे हैं?
यह पहली बार नहीं है जब काइनेरुगाबा ने अजीबोगरीब सौदे पेश करने का अपना अंदाज दिखाया है। क्षेत्रीय सुरक्षा पर बेबाक पोस्ट करने का भी उनका पुराना इतिहास रहा है। अक्टूबर 2022 में, उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से शादी के बदले सार्वजनिक रूप से 100 अंकोले गायें देने की पेशकश की थी, जिन्हें उन्होंने धरती की सबसे खूबसूरत गायें बताया था।
इस पेशकश के तुरंत बाद उन्होंने एक धमकी भी दी। काइनेरुगाबा ने कहा, 'अगर रोम के लोग हमारी गायें ठुकरा देते हैं, तो इसका मतलब है कि हमें रोम पर कब्जा करना होगा। ऐसा करने में हमें कुछ ही दिन लगेंगे।'
इसके जवाब में, काइनेरुगाबा के पिता और युगांडा के राष्ट्रपति, योवेरी मुसेवेनी को अपने बेटे की टिप्पणियों के लिए माफी मांगनी पड़ी। उन्होंने अपने बेटे की इस बात के लिए आलोचना की कि वह भाई-जैसे देशों के अंदरूनी मामलों में दखल दे रहा है। मुहूजी, जिन्हें उनके पिता का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता है, उन्होंने 2022 में सार्वजनिक रूप से केन्या पर हमला करने की धमकी दी थी। इस धमकी के चलते उनके पिता ने उन्हें 'चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज' के पद से अस्थायी तौर पर हटा दिया और केन्या से औपचारिक माफी मांगी।
