दुनिया

इन दो बड़े देशों के बीच नाक का सवाल बनी कुत्ते की ब्रीड, दोनों बता रहे 'नेशनल सिंबल', आपस में उलझे

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 4, 2026, 11:38 AM IST

कैरामेल एक मिश्रित नस्ल का कुत्ता है। कैरेमल कलर वाला यह कुत्ता ब्राजील की सड़कों एवं गलियों की शोभा माना जाता है। माना जाता है कि इसमें यूरोप, एशिया एवं अन्य अमेरिकी देशों के 300 से ज्यादा ब्रीड शामिल है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस कैरामेल का इतिहास पुर्तगालियों द्वारा लाए गए कुत्तों से जुड़ता है।

Image

मैक्सिको और ब्राजील दोनों ने इसे अपना राष्ट्रीय प्रतीक बताया है। तस्वीर-AI

Caramelo dog : जटिल मुद्दों पर आपस में उलझना देशों के बीच नई बात नहीं है लेकिन दो बड़े देश कुत्ते की नस्ल को लेकर यदि आपस में भिड़ जाएं तो यह हैरान करने वाली बात होगी। दक्षिण अमेरिकी देश ब्राजील और मैक्सिको के बीच कुत्ते की एक नस्ल को अपना बताने और उसे 'नेशनल सिंबल' का दर्जा दिए जाने को लेकर बहस और विवाद तेज हो गई है। कुत्ते की यह नस्ल कैरामेलो है। ब्राजील में कैरामेलो को राष्ट्रीय प्रतीक माना जाता है। जबकि मैक्सिको ने हाल ही में कैरामेलो को राष्ट्रीय प्रतीक का दर्जा दिया है। मैक्सिको का कहना है कि कैरामेलो कुत्ते की समानता उसके जोलोइत्जक्यिंटल, चिहउआहुआ और कैलुपोह जैसे उन्नत नस्ल से मेल खाती है।

मिश्रित नस्ल का कुत्ता है कैरामेल

कैरामेल एक मिश्रित नस्ल का कुत्ता है। कैरेमल कलर वाला यह कुत्ता ब्राजील की सड़कों एवं गलियों की शोभा माना जाता है। माना जाता है कि इसमें यूरोप, एशिया एवं अन्य अमेरिकी देशों के 300 से ज्यादा ब्रीड शामिल है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस कैरामेल का इतिहास पुर्तगालियों द्वारा लाए गए कुत्तों से जुड़ता है। इसके बाद इटली, जर्मनी, स्पेन और जापान के प्रवासियों द्वारा लाए गए कुत्तों की ब्रीड भी इसमें शामिल हुई। कई लोग कहते हैं कि कैरामेलो का इतिहास, ब्राजील का इतिहास है। साल 2019 में ब्राजील में कैरामेलो एक सनसनी बन गया, इसकी तस्वीरें एवं वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हुए। लोगों ने इसकी अलग-अलग समय की आकर्षक तस्वीरें पोस्ट कीं। यही नहीं कैरामेलो ब्राजील में कॉर्निवल परेड का हिस्सा बन चुका है और पिछले साल नेटफ्लिक्स पर इस पर फिल्म भी आई।

मैक्सिको में राष्ट्रीय पहचान वाले कुत्तों की सूची में शामिल

वहीं, गत अप्रैल में मैक्सिको की पर्यावरण एजेंसी ने सोशल मीडिया पर घोषणा करते हुए कहा कि कैरामेल डॉग को मेक्सिको का चौथा प्रतीकात्मक राष्ट्रीय कुत्ता घोषित किया गया है। यह अब चिहुआहुआ, कैलुपोह और जोलोइत्जक्यिंटल के साथ राष्ट्रीय पहचान वाले कुत्तों की सूची में शामिल हो गया है। एजेंसी के अनुसार यह कुत्ता मेक्सिको की संस्कृति और पहचान का हिस्सा है, क्योंकि ऐसे कुत्ते देशभर की सड़कों और मोहल्लों में आमतौर पर दिखाई देते हैं।अधिकारियों का मानना है कि कैरामेलो डॉग को पहचान देने से इस नस्ल को अधिक दृश्यता मिलेगी और लोगों को इन्हें अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

ब्राजील की नाराजगी

हालांकि, मेक्सिको के इस फैसले ने ब्राजील में नाराजगी पैदा कर दी है। एक ब्राजीली नागरिक ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'यह कुत्ता ब्राजील का है और कोई इसे हमसे नहीं छीन सकता। एक दूसरे यूजर ने टिप्पणी करते हुए कहा कि 'कैरामेलो ए ब्रासीलेइरो' यानी कैरामलो ब्राजीलियन है, जबकि कुछ लोगों ने कहा कि कैरामेलो ब्राजील से आया है, मेक्सिको का इससे कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन मेक्सिको इस दावे से सहमत नहीं है। पशु कल्याण संगठन ह्यूमन वर्ल्ड फॉर एनिमल्स की कार्यक्रम निदेशक क्लाउडिया एडवर्ड्स ने NYT से कहा कि ब्राजील ने सबसे पहले इस कुत्ते को पहचान दिलाई और दुनिया के सामने इसकी लोकप्रियता बढ़ाई। उन्होंने कहा कि ब्राजील के लोगों को इस पर गर्व होना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह कुत्ता केवल ब्राजील का नहीं है बल्कि यह पूरे लैटिन अमेरिका की विरासत है।

End of Article