Israel Iran War: मध्य पूर्व में तनाव अपने चरम पर है। 28 फरवरी को वार-पलटवार की ऐसी कार्रवाई शुरू हुई कि चारों तरफ सायरन बजने लगे। ईरान, इजरायल, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कतर, इराक, बहरीन, जॉर्डन और कुवैत ने सुरक्षा कारणों से अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। जिसकी वजह से हवाई ट्रैफिक पूरी तरह से चरमरा गया। इतना ही नहीं, दुनिया के सबसे व्यस्त अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट माने जाने वाले दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (Dubai International Airport) को बंद करना पड़ा जिसकी वजह से हजारों लोग वहां फंस गए तो चलिए समझते हैं कि आखिर दुबई एयरपोर्ट के बंद होने से दुनियाभर के हवाई ट्रैफिक में कोहराम क्यों मचा?
इजरायल-ईरान युद्ध के चलते दुबई एयरपोर्ट बंद (फाइल फोटो साभार: AP)
मध्य पूर्व (Middle East) नाम भले ही पश्चिमी देशों ने दिया हो, लेकिन दुबई दुनिया के लगभग बीचों बीच स्थित है। दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पूर्व और पश्चिम के बीच उड़ानों का सबसे बड़ा केंद्र है, जो रोजाना एशिया से यूरोप और यूरोप से एशिया जाने वाली उड़ानों को रुकने और ठहरने की जगह देता है। ऐसे में जब इजरायल-ईरान संघर्ष की वजह से दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बंद हुआ तो वैश्विक विमानन व्यवस्था लगभग चरमरा गई।
कितना अहम है दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट
दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट 110 देशों के 291 गंतव्यों से जुड़ा हुआ है। दुबई यूरोप, एशिया, अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया को जोड़ने का काम करते है। बात अगर सफर की करें तो 2025 में दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 9.52 करोड़ यात्रियों ने सफर किया, जबकि 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 9.95 करोड़ हो सकता है। बीते वर्ष दुबई से 4,54,800 उड़ानें संचालित हुईं और प्रत्येक उड़ान में औसतन 214 यात्री मौजूद रहे। आप इससे यह अंदाजा लगा सकते हैं कि यहां की सालाना कार्गो क्षमता कितनी होगी। दरअसल, सलाना कार्गो क्षमता 25 लाख टन बताई जाती है।
दुबई की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति इसे वैश्विक विमानन नेटवर्क की रीढ़ बनाती है और यहां से गुजरने वाली उड़ानों का रुकना या प्रभावित होना पूरी दुनिया की हवाई व्यवस्था पर असर डाल सकता है। दुनिया ने यह देखा भी।
दुबई एयरपोर्ट (फाइल फोटो साभार: AP)
हवाई ट्रैफिक ठप
एक तरफ रूस-यूक्रेन युद्ध, जो 4 साल से भी ज्यादा समय से चल रहा है और थमने का नाम नहीं ले रहा है, की वजह से कई विमानन कंपनियां रूसी एयरस्पेस में दाखिल होने से कतराती थीं, जिसकी वजह से मध्य पूर्व का रास्ते उड़ानें फर्राटा भर रही थीं, लेकिन अब मौजूदा तनाव की वजह से बंद हुए एयरस्पेस ने कोहराम मचा दिया। दुबई एयरपोर्ट को फिलहाल बंद कर दिया गया है जिसका असर इस्तांबुल, लंदन हीथ्रो, सिंगापुर और दिल्ली जैसे बड़े हब्स पर भी पड़ेगा।
एयरपोर्ट में फंसे यात्री
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु भी मध्य पूर्व में जारी तनाव की चपेट में आ गईं और इंग्लैंड के बर्मिंघम जाते समय दुबई एयरपोर्ट में ही फंस गईं। हालांकि, वह सुरक्षित हैं, लेकिन डरा हुआ महसूस कर रही हैं। यह कोई एकलौता मामला नहीं है, बल्कि दुबई में फंसे तमाम यात्रियों की ऐसी ही कहानी है। पीवी सिंधु ने सोशल मीडिया के जरिए वहां के मौजूद हालात के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है और हर घंटे हालात और डरावने लग रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ घंटे पहले एयरपोर्ट पर जहां हम ठहरे हुए थे, उसके पास एक जोरदार धमाका हुआ। मेरे कोच, जो धुएं और मलबे के सबसे करीब थे, उन्हें तुरंत उस जगह से बाहर भागना पड़ा। वह हम सभी के लिए बेहद तनावपूर्ण और डरावना पल था। उन्होंने आगे बताया कि हम सब अब सुरक्षित हैं और दुबई एयरपोर्ट के स्टाफ और दुबई अधिकारियों की लगातार कोशिशों की वजह से हमें ज़्यादा सुरक्षित जगह पर ले जाया गया है। दुबई में इंडियन हाई कमीशन को भी उनके ज़बरदस्त सपोर्ट और हमें सुरक्षित रखने में लगातार मदद के लिए खास धन्यवाद।
दुबई एयरपोर्ट (फाइल फोटो साभार: AP)
लगातार रद्द हो रही उड़ानें
दिल्ली, मुबंई सहित दुनिया के अन्य शहरों से दुबई जाने वाली उड़ानें लगातार रद्द हो रही हैं और ऐसी स्थितियां कब तक बनी रहेंगी। इसके बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।
हवाई टिकट हो सकते हैं महंगे
मध्य पूर्व के तनाव के चलते यूरोप और एशिया के बीच सफर करने वाले यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए हैं और अन्य रास्तों को एक्सप्लोर किया जा रहा है। हालांकि, वैकल्पिक मार्ग लंबे और महंगे हैं। अगर जल्द ही तनाव खत्म नहीं हुआ तो हवाई किराये में इजाफा हो सकता है।
दुबई की अर्थव्यवस्था भी होगी प्रभावित
दुबई की अर्थव्यवस्था बड़े पैमाने पर पर्यटन, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और हवाई कनेक्टिविटी पर आधारित है। तेल पर निर्भरता कम करने के बाद दुबई ने खुद को एक वैश्विक पर्यटन और बिजनेस हब के रूप में विकसित किया। यहां पर हर साल करोड़ों पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में अगर युद्ध जारी रहा तो सबकुछ ठप हो सकता है।
