दुनिया

Pakistan News: पाकिस्तान का अगला प्रधानमंत्री कौन? जेल से नवाज शरीफ की नींद उड़ा रहे इमरान खान

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 19, 2024, 08:18 AM IST

Pakistan News: इमरान खान की पार्टी पीटीआई की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार उमर अयूब खान ने दावा किया है कि उनकी पार्टी केंद्र और प्रांतों में सरकार बनाएगी। सवाल यही है कि क्या नवाज शरीफ और शहबाज शरीफ को पूर्व पीएम इमरान खान जेल से जोर का झटका देने वाले हैं?

Image

पाकिस्तान में कौन बनाएगा सरकार?

Photo : Times Now Digital

Imran Khan News: पाकिस्‍तान में किस पार्टी की सरकार बनेगी और कौन इस देश का अगला प्रधानमंत्री होगा? इस सवाल का जवाब अबतक नहीं मिल सका है। इस बीट पीटीआई के पीएम उम्मीदवार उमर अयूब ने दावा किया है कि वो केंद्र और प्रांतों में सरकार बनाएंगे। सवाल यही है कि क्या नवाज शरीफ और शहबाज शरीफ को पूर्व पीएम इमरान खान जेल से जोर का झटका देने वाले हैं?

उमर अयूब खान ने किया पाकिस्तान में सरकार बनाने का दावा

पाकिस्तान-तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार उमर अयूब खान ने कहा कि उनकी पार्टी केंद्र और प्रांतों में सरकार बनाएगी, मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है। इससे पहले पाकिस्तान चुनाव आयोग पर धांधली के आरोप और खंडित जनादेश के बाद पीटीआई ने कहा था कि पार्टी विपक्ष में बैठेगी। अखबार डॉन ने अयूब के हवाले से कहा कि पीटीआई के खिलाफ कार्रवाई अभी भी जारी है।

इस्लामाबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, 'अब भी पुलिस हमारे कार्यकर्ताओं और नेताओं को उठा रही है और उन पर दबाव बना रही है। यह किसी केयरटेकर सेटअप का काम नहीं था। उन्होंने अपने जनादेश को पार कर लिया।' पाकिस्तानी और अंतर्राष्ट्रीय मीडिया ने बताया है कि 8 फरवरी को हुए आम चुनाव में देश की सत्ता द्वारा बड़े पैमाने पर धांधली की गई थी, क्योंकि आम लोगों ने इमरान खान के नेतृत्व वाली पीटीआई को वोट दिया था।

कौन हैं उमर अयूब जिन्हें इमरान ने बनाया पीएम उम्मीदवार?

इमरान खान ने पीएम पद के लिए पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के महासचिव उमर अयूब को चुना है। उमर अयूब खान पहले आर्थिक मामलों के मंत्री, ऊर्जा मंत्री और पेट्रोलियम मंत्री सहित महत्वपूर्ण मंत्री पदों पर कार्य कर चुके हैं। जेल में बंद इमरान ने उमर अयूब के नाम पर मुहर लगाई जो अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए पिछले साल मई से छुपे हुए हैं। उमर अयूब पाकिस्तान के पहले सैन्य तानाशाह जनरल मुहम्मद अयूब खान के पोते हैं, जिन्होंने राष्ट्रपति इस्कंदर अली मिर्जा को अपदस्थ करने के बाद 1958 से 1969 तक देश पर शासन किया था।

आम चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं

8 फरवरी को आए चुनाव परिणाम में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला, लेकिन इमरान की पार्टी पीटीआई समर्थित उम्मीदवारों ने सबसे अधिक सीटों पर कब्जा जमाया। इसके बाद पाकिस्तान में सरकार बनाने की कवायद जोर पकड़ने लगी। इमरान खान की पार्टी ने चुनावों में व्यापक धांधली के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। पिछले सप्ताह के चुनावों में 93 सीटें जीतकर पीटीआई समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवारों ने नेशनल असेंबली में सबसे अधिक सीटों पर कब्जा जमाया है। लेकिन किसी सांसद को सदन का नेता बनने के लिए 134 वोटों की आवश्यकता होती है, और निर्वाचित सदस्यों की संख्या 266 है। इसका मतलब है कि पीटीआई अन्य दलों के साथ गठबंधन किए बिना सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है।

अदियाला जेल में बंद इमरान खान का फैसला

अदियाला जेल में बंद इमरान खान से मुलाकात के बाद पीटीआई नेता व पूर्व स्पीकर असद कैसर ने मीडिया से कहा कि पीटीआई प्रमुख ने उमर अयूब को प्रधानमंत्री उम्मीदवार घोषित किया है। हमें उम्मीद है कि हमारी पार्टी से ही प्रधानमंत्री होगा और उमर अयूब हमारे प्रतिनिधि हैं। कैसर ने इमरान खान के हवाले से कहा कि इस चुनाव को न तो पाकिस्तान में कोई स्वीकार कर रहा है, न ही इसकी कोई विश्वसनीयता है, न ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोई इसे गंभीरता से ले रहा है या इस पर विचार कर रहा है। उनका नामांकन पीटीआई के रणनीतिक कदम को दर्शाता है क्योंकि देश में नया सियासी परिदृश्य सामने आने के बाद संभावित गठबंधन वार्ता के दरवाजे खुल रहे हैं। नजर इस बात पर है कि कौन सी दो बड़ी पार्टियां गठबंधन बनाकर पाकिस्तान में नई सरकार का गठन करती है।

'जरदारी होंगे राष्ट्रपति पद के लिए पीपीपी के उम्मीदवार'

पीपीपी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो-जरदारी ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी ने फैसला किया है कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए आसिफ अली जरदारी उनके उम्मीदवार होंगे। अखबार डॉन ने बिलावल के हवाले से कहा, 'देश में फैल रही असंतोष की आग पर काबू पाने के लिए हमने फैसला किया है कि राष्ट्रपति चुनाव में जरदारी हमारे उम्मीदवार होंगे।'

भुट्टो ने थट्टा इलाके में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, 'वह केंद्र और प्रांतों को बचाएंगे।' उन्होंने कहा कि जब उनके पिता जरदारी पद संभालेंगे तो वह इस आग को बुझा देंगे। मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि बिलावल ने अपनी पार्टी को उन लोगों के साथ आगे बढ़ने का निर्देश दिया है, जिन्होंने उसके लिए वोट मांगे हैं और बदले में कोई मंत्रालय नहीं मांगेंगे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article