Who is Elena Zhukova: रूपर्ट मर्डोक 5वीं बार दूल्हा बनने के लिए तैयार हैं, उन्होंने अपनी प्रेमिका (Girlfriend) एलेना झुकोवा से सगाई रचा ली है। 67 साल की झुकोवा रूस के मॉस्को से हैं। 92 साल की उम्र में 5वीं शादी करने जा रहे मर्डोक ने पिछले साल एलेना को डेट करना शुरू किया था। एलेना और रूपर्ट की शादी कैलिफोर्निया में उनके वाइनयार्ड और एस्टेट, मोरागा में होगी।
कौन हैं रूपर्ट की गर्लफ्रेंड एलेना?
एलेना झुकोवा का रूस के मॉस्को से नाता है, उनकी उम्र 67 साल है। हैरानी की बात है कि रूपर्ट मर्डोक और एलेना की मुलाकात उनकी तीसरी पत्नी वेंडी डेंग के जरिए ही हुई थी। खबरों के अनुसार उन्होंने पिछले साल एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था। मर्डोक की होने वाली पत्नी एलेना मॉलिक्यूलर बायोलजिस्ट रह चुकी हैं।
रूपर्ट की पहली चार पत्नियों को जानें?
पेट्रीसिया बुकर
मर्डोक ने अपने करियर की शुरुआत में ही वर्ष 1956 में जब वह 25 वर्ष के थे पेट्रीसिया बुकर से शादी कर ली थी। मर्डोक से शादी करने से पहले बुकर एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट अटेंडेंट थीं। शादी के 11 साल बाद 1967 में उनका तलाक हो गया।
अन्ना तोरव
यह रूपर्ट मर्डोक की सबसे लंबे समय तक चलने वाली शादी थी। एक 18 वर्षीय महत्वाकांक्षी पत्रकार तोरव को मर्डोक का इंटरव्यू करने का मौका मिला था। दोनों एक-दूसरे के प्यार में पड़ गए। रूपर्ट मर्डोक इसी बीच बुकर से अलग हो गए। फिर उन्होंने तोरव से वर्ष 1967 में शादी कर ली। ये शादी साल 1999 तक चली फिर दोनों का तलाक हो गया।
वेंडी डेंग
मर्डोक और डेंग की मुलाकात वर्ष 1997 में हुई थी, वो उस दौरान तोरव के साथ शादी के बंधन में थे। डेंग का जन्म चीन में हुआ था। वो उस वक्त मर्डोक के न्यूज कॉर्प के स्वामित्व वाले हांगकांग टेलीविजन स्टेशन में प्रशिक्षु थीं। वक्त बीता और दोनों ने 1999 में शादी कर ली। शादी के समय डेंग 31 वर्ष की थीं और मर्डोक 68 वर्ष के थे।
जैरी हॉल
रूपर्ट मर्डोक और जैरी हॉल की उम्र में 25 साल का अंतर है। दोनों ने वर्ष 2011 के जनवरी माह में अपनी सगाई की घोषणा की और इसी वर्ष मार्च में दोनों ने शादी कर ली। हालांकि दोनों के बीच तलाक की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है। वर्ष 2022 में ये घोषणा की गई थी कि वे तलाक ले रहे हैं।
इसके बाद पिछले वर्ष 2023 में मर्डोक ने एन लेस्ली स्मिथ से शादी करने का फैसला किया था। 66 वर्षीय पूर्व पुलिस पादरी के साथ अपनी सगाई की घोषणा करने के दो सप्ताह बाद ये कहा गया कि दोनों अब अलग हो गए हैं।
रूपर्ट मर्डोक का करियर
1950 के दशक में मर्डोक ने ऑस्ट्रेलिया में अपने करियर की शुरुआत की थी। वह मीडिया के सबसे प्रभावशाली, सफल और विवादास्पद शख्सियतों में गिने जाते हैं। अपने पिता से एक छोटा सा ऑस्ट्रेलियाई अखबार मर्डोक को 1952 में विरासत में मिला था। उन्होंने पहले अखबार का तेजी से विस्तार किया और फिर टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा। 1960 के दशक में मर्डोक ने द सन और न्यूज ऑफ द वर्ल्ड जैसे समाचार पत्रों को खरीदा। यूके के बाजार में कदम रखने के बाद वो अमेरिकी मीडिया में अपने विस्तार करने लगे। 1985 में मर्डोक अमेरिकी नागरिक बन गए। पिछले साल ही अपनी कंपनी की सारी बागडोर रूपर्ट मर्डोक ने अपने बेटे लाचलान को सौंप दी।
