Cindy Singh Arrested: अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (FBI) ने टेक्सास की एक महिला सिंडी रोड्रिग्ज सिंह को गिरफ्तार किया है, जो अपने छह साल के बेटे की हत्या के आरोप में वांछित थी। एफबीआई निदेशक काश पटेल ने एक्स पर गिरफ्तारी के बारे में और जानकारी देते हुए कहा कि सिंडी ने अपने ठिकाने के बारे में झूठ बोला और फिर भारत के लिए उड़ान भर ली थी। इसके बाद से वह अमेरिका वापस नहीं लौटी।
कौन है सिंडी रोड्रिग्ज सिंह?
सिंडी रोड्रिग्ज सिंह का नाम FBI की शीर्ष 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल था। एजेंसी ने पहले उसके बारे में जानकारी देने वाले को 250,000 डॉलर का इनाम देने की घोषणा की थी। काश पटेल के अनुसार, वह पिछले 7 महीनों में चौथी मोस्ट वांटेड भगोड़ी है। सिंडी रोड्रिग्ज का जन्म 1985 में हुआ था और वह डलास, टेक्सास की रहने वाली है। उसकी आंखें और बाल भूरे हैं, उसकी लंबाई लगभग 5’1 से 5’3 है और उसका वजन लगभग 120 से 140 पाउंड है। उसका रंग मध्यम है और हाथों और पैरों पर टैटू हैं।
छह साल के बेटे की हत्या का आरोप
सिंडी पर अपने छह साल के बेटे नोएल अल्वारेज की हत्या का आरोप है, और उसे आखिरी बार अक्टूबर 2022 में देखा गया था। मार्च 2023 में बच्चे के लापता होने की सूचना दी गई थी। इसके बाद टेक्सास परिवार और सुरक्षा सेवा विभाग ने एवरमैन पुलिस विभाग से उसकी जांच करने को कहा था। जांच के दौरान, सिंडी ने कथित तौर पर अधिकारियों से झूठ बोला और दावा किया कि बच्चा नवंबर 2022 से अपने जैविक पिता के साथ मेक्सिको में है। हालांकि, दो दिन बाद सिंडी को अपने पति अर्शदीप और छह बच्चों के साथ भारत जाने वाली एक उड़ान में देखा गया, लेकिन नोएल उनके साथ नहीं था।
अवैध उड़ान और हत्या के आरोप
सिंडी को एफबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है और उस पर अभियोजन से बचने के लिए अवैध उड़ान के आरोप लगेंगे। टेक्सास के अधिकारियों ने नवंबर 2023 में उनका गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उस पर 10 साल से कम उम्र के व्यक्ति की हत्या का भी मुकदमा चलेगा।
