Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वाशिंगटन डीसी में अपने हाथ पर मेकअप लगाए देखे गए जिससे कारण 79 वर्षीय राष्ट्रपति के स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं और बढ़ गईं। पीपुल्स हाउस संग्रहालय की उनकी यात्रा के दौरान, तस्वीरों में उनके चेहरे पर फाउंडेशन का एक बड़ा सा पैच दिखाई दिया, जो उनकी त्वचा से हल्के रंग का था। उसी दिन बाद में ओवल ऑफिस में विश्व कप के एक कार्यक्रम की मेजबानी करते हुए ट्रंप ने बोलते समय अपना बायां हाथ अपने दाहिने हाथ पर रखा। हालांकि, जब वह खड़े हुए तो मेकअप का पैच फिर से दिखाई देने लगा। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने मेकअप के बारे में सीधे तौर पर कुछ नहीं बताया। इसके बजाय, उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि ट्रंप इतिहास में किसी भी अन्य राष्ट्रपति की तुलना में ज़्यादा बार हाथ मिलाते हैं। लेविट ने द इंडिपेंडेंट को बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप जनता के आदमी हैं और वे इतिहास में किसी भी अन्य राष्ट्रपति की तुलना में रोजाना ज़्यादा अमेरिकियों से मिलते हैं और उनसे हाथ मिलाते हैं। उनकी प्रतिबद्धता अटूट है, और वे इसे हर दिन साबित करते हैं।
ट्रंप को क्रॉनिक वेनस इनसफीशिएंसी नामक बीमारी है
बता दें, यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप के हाथों पर मेकअप के निशान दिखाई दिए हों। 24 फरवरी को, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से उनकी मुलाकात के बाद पत्रकारों ने भी यही देखा। जुलाई के अंत में स्कॉटलैंड में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर कीर स्टारमर के साथ मुलाक़ातों के दौरान भी यही निशान देखे गए थे। दोनों ही मामलों में व्हाइट हाउस ने ट्रंप के बार-बार हाथ मिलाने पर केंद्रित लगभग एक जैसे बयान जारी किए। राष्ट्रपति का स्वास्थ्य महीनों से सार्वजनिक जांच के दायरे में है। जुलाई में, फीफा क्लब विश्व कप देखते हुए उनके पैरों की तस्वीरों ने ऑनलाइन अटकलों को हवा दी थी। इसके तुरंत बाद व्हाइट हाउस ने कहा कि ट्रंप को क्रॉनिक वेनस इनसफीशिएंसी है, एक ऐसी स्थिति जिसमें पैरों में शिराओं के वाल्व ठीक से काम नहीं करते, जिससे रक्त जमा हो जाता है और दबाव बढ़ जाता है। क्लीवलैंड क्लिनिक ने कहा कि हालांकि यह स्थिति वृद्धों में आम है, लेकिन यह उन लोगों में भी देखी जाती है जो लंबे समय तक बैठते या खड़े रहते हैं, जिनका वजन ज़्यादा है।
प्रेस सचिव लेविट ने कहा कि ट्रंप की हालत उन्हें परेशान नहीं कर रही है, लेकिन उन्होंने इलाज के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। अप्रैल में ट्रंप की शारीरिक जांच के बाद व्हाइट हाउस के चिकित्सक कैप्टन सीन बारबेला ने कहा कि राष्ट्रपति शारीरिक रूप से स्वस्थ्य हैं। उन्होंने कहा कि ट्रंप के हाथों पर कुछ चोट के निशान हृदय रोग से बचाव के लिए ली जाने वाली एस्पिरिन से जुड़े हो सकते हैं। द इकोनॉमिस्ट/यूगॉव द्वारा मई में किए गए एक सर्वेक्षण में पाया गया कि 45 प्रतिशत अमेरिकियों का मानना है कि ट्रंप अपने स्वास्थ्य के बारे में पूरी तरह से पारदर्शी नहीं रहे हैं। पिछले हफ़्ते, जब लेविट से फिर से इस मुद्दे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के डॉक्टर को सवालों के जवाब देने के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है क्योंकि छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि ट्रंप ने अपनी जीवनशैली या उपचार योजना में कोई बदलाव नहीं किया है।
