दुनिया

'जो चाहते हैं, वह नहीं मिला तो दूसरे तरीके से निपटाएंगे मामला', समझौते पर वार्ता के बीच ईरान को ट्रंप की नई धमकी

ट्रंप ने कहा कि हम एक बहुत अच्छे समझौते के करीब हैं। अगर हमें वह नहीं मिला जो हम चाहते हैं, तो हम इसे किसी और तरीके से खत्म करेंगे।

Image

डोनाल्ड ट्रंप

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान आया है। इसमें उन्होंने ईरान से समझौते को लेकर बड़ा बयान देते हुए तेहरान को धमकी भी दी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान एक ’बहुत अच्छे समझौते’ के करीब हैं, लेकिन अगर वाशिंगटन को वह नहीं मिलता जो वह चाहता है तो वह मामले को किसी और तरीके से खत्म करेगा।

ट्रंप ने ये टिप्पणियां ’फॉक्स न्यूज’ के लिए अपनी बहू लारा ट्रंप के साथ एक साक्षात्कार के दौरान कीं। ट्रंप ने कहा कि हम एक बहुत अच्छे समझौते के करीब हैं। अगर आप जल्दबाजी करेंगे तो आपको बेहतर समझौता नहीं मिल पाएगा और धीरे-धीरे लेकिन निश्चित रूप से हमें वह मिल रहा है जो हम चाहते हैं। अगर हमें वह नहीं मिला जो हम चाहते हैं, तो हम इसे किसी और तरीके से खत्म करेंगे।

ट्रंप ने कहा कि ईरानी ’’अच्छे वार्ताकार’’ हैं, लेकिन सारे पत्ते अब अमेरिका के हाथ में हैं क्योंकि ईरान सैन्य रूप से पराजित हो चुका है। इसके बावजूद हम एक बहुत अच्छे समझौते के करीब हैं। अगर हम इसे कर लेते हैं, तो अच्छा है। अन्यथा, हम सीधे युद्ध विभाग से संपर्क करेंगे।

ईरान न बनाएगा और न खरीदेगा परमाणु हथियार

अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया है कि ईरान ने अमेरिका को भरोसा दिलाया है कि वह न तो परमाणु हथियार विकसित करेगा और न ही खरीदेगा। ट्रंप ने कहा कि यह ईरान के पहले के रुख से बड़ा बदलाव है और दोनों देशों के बीच चल रही वार्ताओं में यह एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।

ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ईरानी पक्ष से पूछा था कि अगर वे परमाणु हथियार हासिल कर लेते हैं तो उसके क्या परिणाम होंगे। उनके मुताबिक, इसके बाद ईरान ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी तरह के परमाणु हथियार के विकास या खरीद की दिशा में आगे नहीं बढ़ेगा।

अमेरिका ने नौसेना और वायुसेना को पहुंचाया भारी नुकसान

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि ईरान पर अमेरिका का काफी दबदबा है क्योंकि उसकी नौसेना और वायुसेना को भारी नुकसान पहुंचा है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के कट्टरपंथी तत्वों और शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाया, हालांकि कुछ अमेरिकी नेताओं के अधिक उदार रुख के कारण सैन्य कार्रवाई को और आगे नहीं बढ़ाया गया।

कैबिनेट सहयोगियों संग ट्रंप ने की बैठक

इस बीच, ट्रंप ने शुक्रवार को अपने कैबिनेट सहयोगियों और सैन्य अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। हालांकि बैठक के बाद भविष्य की रणनीति को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की गई।

रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने अपने दूतों और ईरानी अधिकारियों के बीच हुए मसौदा समझौते में कई संशोधन सुझाए हैं। खास तौर पर वह ईरान के परमाणु कार्यक्रम और परमाणु सामग्री से जुड़े प्रावधानों को और अधिक सख्त बनाना चाहते हैं।

सूत्रों के मुताबिक ट्रंप समझौते को जल्द अंतिम रूप देने के पक्ष में हैं, लेकिन वह चाहते हैं कि इसमें अमेरिका की सुरक्षा चिंताओं को पूरी तरह संबोधित किया जाए। उनके संशोधन प्रस्तावों के बाद दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर बातचीत का नया दौर शुरू हो गया है, जो आने वाले दिनों तक जारी रह सकता है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article