दुनिया

सभी पक्ष आपस में मिलकर निकालें मुद्दों का समाधान, भारत-बांग्लादेश तनाव पर बोला अमेरिका

भारत ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमले की घटनाओं का मुद्दा विदेश सचिव स्तर की बैठक के दौरान सोमवार को उठाया, लेकिन ढाका ने इसे भ्रामक और गलत जानकारी करार देते हुए कहा कि किसी भी देश को उसके आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।

Image

विदेश सचिव का बांग्लादेश दौरा

Photo : PTI

US on India-Bangladesh Tension: हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर भारत-बांग्लादेश के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिका ने कहा है कि वह चाहता है कि भारत और बांग्लादेश अपने मतभेद शांतिपूर्ण ढंग से सुलझा लें। विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने मंगलवार को अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। भारत के विदेश सचिव की हालिया बांग्लादेश यात्रा पर एक सवाल का जवाब देते हुए मिलर ने कहा, हम चाहते हैं कि सभी पक्ष अपनी असहमतियों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं।

भारत ने बांग्लादेश के सामने उठाया मुद्दा

इस सप्ताह की शुरुआत में अपनी यात्रा के दौरान, विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर नई दिल्ली की चिंताओं से अवगत कराया। मिसरी ने अपनी यात्रा के अंत में ढाका में संवाददाताओं से कहा, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के साथ मिलकर काम करने की भारत की इच्छा को रेखांकित किया है। साथ ही, हमें कुछ हालिया घटनाक्रमों और मुद्दों पर चर्चा करने का भी अवसर मिला, और मैंने अपनी चिंताओं से अवगत कराया, जिसमें अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और कल्याण से संबंधित चिंताएं भी शामिल थीं।

बांग्लादेश ने आरोप नकारे

भारत ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमले की घटनाओं का मुद्दा विदेश सचिव स्तर की बैठक के दौरान सोमवार को उठाया, लेकिन ढाका ने इसे भ्रामक और गलत जानकारी करार देते हुए कहा कि किसी भी देश को उसके आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने अपने बांग्लादेशी समकक्ष मोहम्मद जशीमुद्दीन के साथ यह बैठक की।

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने अपने समकक्ष मोहम्मद जशीमुद्दीन के साथ बैठक के दौरान अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और कल्याण सहित भारत की चिंताओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा, हमने सांस्कृतिक, धार्मिक और राजनयिक संपत्तियों पर हमलों की कुछ खेदजनक घटनाओं पर भी चर्चा की। हम कुल मिलाकर, बांग्लादेश के अधिकारियों द्वारा इन सभी मुद्दों पर एक रचनात्मक दृष्टिकोण की उम्मीद करते हैं। हम संबंधों को सकारात्मक, दूरदर्शी और रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।

शेख हसीना अपनी सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन के बाद पांच अगस्त को भारत चली गई थीं जिसके बाद भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों में आई गिरावट के बीच दोनों देशों के विदेश सचिवों के बीच यह मुलाकात हुई।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article