Iceland : आइसलैंड में कुदरती घटनाएं लगातार हो रही हैं। यहां कई सप्ताह तक भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोग डरे हुए हैं। एक गांव से लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इसी बीच सोमवार को यहां अचानक एक ज्वालामुखी में विस्फोट हो गया। रात में हुए इस ज्वालामुखी का विस्फोट इतना भीषण था कि आसमान में रौशनी फैल गई। ज्वालामुखी से निकला लावा और धुआं दूर तक फैलता चला गया।
ज्वालामुखी फटने से पहले भूकंप आया
खास बात यह है कि रेकजेन्स इलाके में ज्वालामुखी विस्फोट से करीब एक घंटे पहले यहां भूकंप आया। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार ज्वालामुखी में विस्फोट होना रात 10 बजे शुरू हुआ। विभाग के मुताबिक ग्रीनदाविक टाउन से उत्तर में स्थित हगाफेल में ज्वालामुखी का विस्फोट हुआ।
2021 के बाद ज्वालामुखी फटने की 4 घटनाएं
आइसलैंड सरकार का कहना है कि ज्वालामुखी के मुहाने पर आई दरार करीब 4 किलोमीटर लंबी है। बयान में कहा गया है कि विस्फोट का यह अब तक का सबसे बड़ा आकार है और साल 2021 से अब तक ज्वालामुखी में विस्फोट होने की चार घटनाएं हो चुकी हैं। ज्वालामुखी विस्फोट को देखते हुए लोगों से रात के समय अपने घरों में रहने के लिए कहा गया है।
इलाके में वाहनों का आवागमन रोका
सरकार ने अपने एक बयान में कहा है कि विस्फोट से लोगों को नुकसान पहुंचने की आशंका नहीं है। इलाके में वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। लोगों से ज्वालामुखी वाले इलाके की तरफ न जाने के लिए कहा गया है।
