Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश साइन किया है, जिसके तहत अब ट्रांसजेंडर खिलाड़ी महिला खेल प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। इस आदेश के तहत संघीय एजेंसियों को यह सुनिश्चित करने का अधिकार दिया गया है कि वे सेक्स को जन्म के समय निर्धारित लिंग के रूप में परिभाषित करें। ट्रंप ने इसे महिला खेलों के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
बता दें, ट्रंप ने 5 फरवरी को आदेश जारी किया, जिसमें ट्रांसजेंडर लड़कियों और महिलाओं को महिला खेल टीमों में शामिल होने से रोकने की बात कही गई है। यह आदेश एक लंबे समय से चल रहे कानूनी विवाद के बीच आया है, जिसमें कई राज्यों ने पहले ही इसी तरह के प्रतिबंध लागू किए हुए हैं। इससे पहले ट्रंप ने ट्रांसजेंडर्स को लेकर एक और कार्यकारी आदेश जारी किया था, जिसमें रक्षा सचिव पीट हेगसेथ को ट्रांसजेंडर सैनिकों पर पेंटागन की नीति को संशोधित करने का निर्देश दिया गया, जिससे भविष्य में उनकी भर्ती पर प्रतिबंध लगने की संभावना है।
महिला खेलों में निष्पक्षता बनाए रखने का दिया हवाला
इन कानूनों के समर्थकों का कहना है कि महिला खेलों में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है, क्योंकि ट्रांसजेंडर एथलीट्स को जैविक लाभ हो सकता है. दूसरी तरफ विरोधियों का कहना है कि यह भेदभावपूर्ण है और सभी ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों को स्वाभाविक रूप से कोई शारीरिक लाभ नहीं होता। ट्रंप प्रशासन के मुताबिक यह कानून ट्रांसजेंडर लड़कियों को महिला खेलों से बाहर रखने की अनुमति देता है। इस आदेश के तहत स्कूलों को तुरंत इसका पालन करने के लिए कहा गया है और जो स्कूल इस नियम का उल्लंघन करेंगे, उनकी संघीय फंडिंग रोक दी जाएगी।
