Hertz Tower Demolished By Bomb: अमेरिका के लुइसियाना के लेक चार्ल्स में स्थित 22 मंजिला हर्ट्ज टॉवर को अमेरिकी सरकार ने बम से उड़ा दिया है। कभी यह शहर की आइकॉनिक बिल्डिंग थी। मगर अब बम के धमाकों से धूल के गुबार में गुम हो गई। यह इमारत पिछले चार साल से खाली थी। दरअसल, 2020 में तूफान लॉरा और डेल्टा की वजह से इमारत को भारी क्षति पहुंची थी। इसके बाद से यह खाली थी। बिल्डिंग के ध्वस्त होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हर्ट्ज टॉवर को पहले कैपिटल वन टावर के नाम से जाना जाता था। चार दशक तक यह इमारत शहर की खूबसूरती में चार चांद लगा रही थी। मगर विनाशकारी तूफान के बाद से सबकुछ बदल गया। लेक चार्ल्स के मेयर निक हंटर की मौजूदगी में बम लगा 22 मंजिला इमारत को सिर्फ 15 सेकेंड में पांच मंजिला मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया गया।
कैलकैसियू नदी के तट पर स्थित था हर्ट्ज टॉवर
द एडवोकेट की रिपोर्ट के मुताबिक सालों तक इमारत के मालिक और लॉस एंजिल्स स्थित रियल एस्टेट फर्म हर्ट्ज इन्वेस्टमेंट ग्रुप ने अपने बीमा प्रदाता ज्यूरिख के साथ कानूनू लड़ाई लड़ी। मालिक ने इमारत की मरम्मत के खातिर अनुमानित लागत 167 मिलियन डॉलर की मांग रखी। हालांकि बाद में दोनों के बीच समझौता होने के बाद इमारत को प्रशासन ने ढहा दिया। बता दें, हर्ट्ज टॉवर शहर कैलकैसियू नदी के तट पर स्थित है और ह्यूस्टन से दो घंटे की दूरी पर है।
