होर्मुज में टोल वसूलेगा अमेरिका (फोटो- AP)
ट्रंप का ऐलान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को पैसे लेने की घोषणा की। ट्रंप ने साफ किया है कि यदि अमेरिका मध्य पूर्व के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग-'होर्मुज जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालता है, तो इसके बदले में संबंधित देशों को अमेरिका को भुगतान करना होगा। ट्रंप ने इसे एक व्यापारिक सौदे की तरह पेश करते हुए कहा कि अमेरिका अब मुफ्त में किसी की सुरक्षा नहीं करेगा।
ट्रंप ने क्या-क्या कहा?
डोनाल्ड ट्रंप ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा और अमेरिकी सेना की भूमिका पर बात करते हुए कहा कि वे जलडमरूमध्य (Strait) को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ट्रंप ने कहा, "हम स्ट्रेट (जलडमरूमध्य) को अपने नियंत्रण में रखने जा रहे हैं, और संभवतः हम ही इसे चलाएंगे। हम इस स्ट्रेट के रखवाले (Guardian of the strait) बनेंगे। लेकिन, इस काम के लिए हमें भुगतान मिलना चाहिए। जब हम ऐसा करेंगे, तो हमें इसके बदले पूरा पैसा दिया जाएगा। हमें भुगतान मिलेगा।"
हॉर्मुज में दबदबे की लड़ाई
ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से ही फारस की खाड़ी के इस संकरे समुद्री मार्ग से जहाजों की आवाजाही पर असर पड़ा है। ईरान ने व्यावसायिक जहाजों पर हमले कर और जहाजरानी कंपनियों को डराकर इस मार्ग पर अपना दबदबा बनाए रखने की कोशिश की है। अमेरिका और ईरान के बीच हुए 60 दिन के अंतरिम समझौते की अवधि लगभग आधी पूरी हो चुकी है। इस समझौते का उद्देश्य युद्ध के स्थायी समाधान के लिए वार्ता शुरू करना था, लेकिन इसके बजाय होर्मुज जलडमरूमध्य और इसके भविष्य को लेकर दोनों पक्षों के बीच लगातार हमले हो रहे हैं। इससे विश्व नेताओं की यह आशंका बढ़ गई है कि ईरान युद्ध फिर पूरी तरह भड़क सकता है।
